
मृतक सन्नी और घायल इशांत (फोटो- पत्रिका)
अनूपगढ़: गांव 20 एलएम में आकाशीय बिजली गिरने से हुआ हादसा और दुखद हो गया। लोहे के दरवाजे में करंट आने से झुलसे डेढ़ वर्षीय सन्नी की बीकानेर में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका भाई इशांत गंभीर हालत में है। चिकित्सकों ने उसे जयपुर हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी है।
31 मार्च की दोपहर खराब मौसम के दौरान खेत में लगे विद्युत ट्रांसफार्मर पर आकाशीय बिजली गिर गई थी। इससे करंट करीब 500 मीटर दूर सात ढाणियों तक फैल गया। उस समय बच्चे अपनी मौसी लक्ष्मी के साथ आंगन में खेल रहे थे, तभी लोहे के दरवाजे में करंट उतर आया और तीनों झुलस गए।
ग्रामीणों की मदद से घायलों को घड़साना के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से बीकानेर रेफर किया गया। उपचार के दौरान सन्नी की मौत हो गई। इशांत को परिजन बीच में घड़साना ले आए, लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर अब उसे जयपुर ले जाने की तैयारी है। हादसे में 15 वर्षीय मौसी लक्ष्मी भी झुलस गई, जिसका उपचार जारी है।
ईंट-भट्टे पर मजदूरी कर परिवार चलाने वाले सुरेंद्र ने एक बेटे को खो दिया, जबकि दूसरे की जिंदगी बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इशांत की हालत गंभीर है और डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जयपुर ले जाने की सलाह दी है।
ऐसे में इलाज, दवाइयों, जांच और यात्रा का खर्च इस गरीब परिवार के लिए उठाना लगभग असंभव हो गया है। ग्रामीण सहयोग कर रहे हैं और मदद की अपील की जा रही है।
घड़साना कस्बे में भारतमाला नेशनल हाइवे पर अनूपगढ़ की ओर रविवार को तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहले पेड़ व फिर दीवार से टकरा गई। हादसे में कार सवार तीन युवक घायल हो गए, जिनमें एक को बीकानेर रेफर किया गया। इस संबंध में थाने में प्रकरण दर्ज नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार, नई मंडी घड़साना और सतराना निवासी तीन युवक कार की सर्विस के बाद राइडिंग टेस्ट कर रहे थे। भारतमाला पुलिया उतरते समय तेज गति के कारण कार अनियंत्रित हो गई और दो बार टकराने के बाद सीधी खड़ी हो गई।
हादसे में कार का ऊपरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घायलों को आसपास के लोगों ने संभालकर राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। नई मंडी निवासी मनोज कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर रेफर किया गया, जबकि चक 9 एमडी निवासी महंगा सिंह व सुखविंदर सिंह का उपचार जारी है।
Updated on:
06 Apr 2026 03:59 pm
Published on:
06 Apr 2026 02:11 pm
बड़ी खबरें
View Allश्री गंगानगर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
