
श्रीगंगानगर। शहर में सुखाडिया सर्किल के समीप सोमवार शाम करीब पांच बजे एक दवा की दुकान के सामने स्टार्ट कार को पत्नी सहित लुटेरा ले भागा। दवा ले रहे पति के कुछ समझ आता उससे पहले ही पत्नी ने कार से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई।
पति ने अपनी पत्नी को संभाला तो पता चला कि कार को व्यक्ति ले उड़ा है। इस घटना की सूचना के बाद पुलिस ने नाकेबंदी कराई लेकिन कार का कहीं सुराग नहीं मिला। वहीं पुलिस इलाके में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
जानकारी के अनुसार बाबारामदेव मंदिर के सामने फोटो स्टूडियो की दुकान करने वाले गांव महियांवाली निवासी भूप सिंह अपनी कार में पत्नी को बैठाकर सुखाडिया सर्किल के समीप एक मेडिकल शॉप पर करीब पांच बजे गया था। जहां वह कार को स्टार्ट छोडकऱ दवा की दुकान पर दवा लेने लगा। उसकी पत्नी इस दौरान कार में ही बैठी थी।
इसी समय सफेद कुर्ते-पायजामा पहने करीब चालीस वर्षीय एक व्यक्ति आया और गेट खोलकर कहा कि कार गलत जगह लगी है। इसे साइड में कर देता हूं। इस पर भूपसिंह की पत्नी ने कहा कि वह उसे नहीं जानती है। इस व्यक्ति ने कहा कि तुम कार में बैठी रहो, मैं कार साइड में कर देता हूं। यह कहकर उसने कार को आगे बढ़ा दिया। भूप सिंह ने दवा की दुकान से कार को चलते हुए देखा तो समझा की पत्नी का पैर गियर से टकराने पर कार चल पड़ी है। वह कार के पीछे भागा।
करीब पचास मीटर दूर सुखाडिया सर्किल के चौक पर जाकर कार डिवाइडर से जा भिड़ी और धीमी हो गई। इसी दौरान उसकी पत्नी ने कार का गेट खोलकर छलांग लगा दी। पति ने तत्काल पत्नी को संभाला तो पत्नी ने बताया कि कोई व्यक्ति कार लेकर भाग गया है। कार से छलांग लगाने पर पत्नी को हाथ व पैर में चोट आई है।
जिसको तत्काल बाबारामदेव मंदिर के समीप एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। इस घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कराई। सूचना मिलने पर सीओ सिटी तुलसीदास पुरोहित, जवाहरनगर थाना प्रभारी प्रशांत कौशिक सहित अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। देर रात तक कार का कहीं सुराग नहीं मिल पाया।
Published on:
01 Oct 2018 08:21 pm
