
police station
श्रीगंगानगर.
शहर में पिछले दिनों हुई तीन बड़ी चोरियों का सुराग पुलिस आज तक नहीं लगा पाई है। इसके चलते परिवादी थानों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। जानकारी के अनुसार हाल ही सदर थाना इलाके में दो दिन पहले बैंक कॉलोनी में दिनदहाड़े बैंक कॉलोनी में घुसे अज्ञात तीन युवक नकदी आदि ले गए। वारदात के दौरान मकान मालिक आ गया था और अंदर ताला तोड़कर घुसे हुए दो युवकों ने उसे गोली मारने की धमकी दी। इससे वह घबरा गया। दोनों युवक बाहर आए और बाहर स्टार्ट खड़ी अपनी कार में वहां से फरार हो गए। दिन में आरोपित एक कार में सवार होकर निकल गए, लेकिन पुलिस को उनका सुराग भी नहीं लग पाया।
इसी प्रकार सदर थाना इलाके में छह दिसंबर की रात को कैलाशपुरी में अज्ञात व्यक्तियों ने एक साथ दो सूने मकानों मेें चोरी की वारदात को अंजाम दिया।यहां अज्ञात युवक कैलाशपुरी निवासी शिव कुमार जसूजा व दलजीत कौर के मकान के ताले व कुंदे तोड़कर अंदर घुसे और लाखों की नकदी व जेवरात चोरी कर ले गए थे। वहीं शहर में गोल बाजार के पास कुछ समय पहले हुई छह दुकानों में चोरी की वारदातों का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।
सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए आरोपित
- परिवादियों का कहना है कि सभी वारदातों में आरोपितों की फोटो सीसीटीवी कैमरों की कैद हो गई और सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है, लेकिन इसके बाद भी पुलिस चोरी की वारदातों का खुलासा नहीं कर पाई है। हालात हो गए हैं कि परिवादी चोरी हुए अपने माल के लिए थानों में चक्कर लगा रहे हैं।
सभी वारदात एक ही गैंग की लगती है
- पुलिसकर्मियों का कहना है कि शहर में हुई चोरियों की वारदात किसी एक ही गैंग ने की हैं। गैंग की तलाश की जा रही है। इसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। एक वारदात का खुलासा होने पर अन्य वारदात भी खुल जाएंगी। इसके लिए पंजाब तक टीमें भेजी हुई हैं। वहीं आसपास के संदिग्धों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
Published on:
19 Dec 2017 09:30 pm
