
श्रीगंगानगर.
श्रीगंगानगर से हनुमानगढ़ होते हुए सीकर तक रेलवे ट्रैक बनकर तैयार है। हनुमानगढ़ से सादुलपुर के बीच पिछले दो साल से सवारी गाडिय़ां चल रही हैं, जबकि चूरू से सीकर के बीच पांच माह से अधिक समय से यात्री गाडिय़ां चल रही हैं। इसके बावजूद गंगानगर से सीकर तक सीधी ट्रेन अब भी सपना है। हालात यह हैं कि गंगानगर-सीकर एक्सप्रेस के लिए तीन सांसदों के प्रयास अब तक नाकाफी साबित हुए हैं।
श्रीगंगानगर, चूरू और सीकर के सांसदों ने रेलवे अधिकारियों से हुई बैठकों में हर बार इस ट्रेन को चलाने के लिए आवाज उठाई है, लेकिन उन्हें आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला। कुल-मिलाकर गंगानगर से सीकर जाने वाले यात्रियों को चार गुणा अधिक किराया देकर बसों में सफर करना पड़ रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान प्राइवेट बसों के मालिकों की मोनोपॉली की शिकायतें भी सामने आ चुकी हैं।
अब वोट बटोरने की होड़
गंगानगर से सीकर जाने के लिए सादुलपुर और चूरू में ट्रेन बदलनी पड़ती है। चुनावी साल के चलते वोटों को बटोरने के लिए तीनों ही सांसदों ने गंगानगर-सीकर ट्रेन के लिए अपने प्रयास तेज कर दिए हैं, लेकिन रेलवे बोर्ड इन सांसदों की मांग को सिरे चढ़ाने के लिए तैयार होता नहीं दिख रहा।
नौ साल बीते, करोड़ों रुपए खर्च
गंगानगर से वाया हनुमानगढ़, नोहर, भादरा, सादुलपुर, सीकर होते हुए मीटरगेज की आखिरी ट्रेन 9 सितम्बर 2009 को रवाना हुई थी, लेकिन नौ साल बाद भी यह ट्रेन दोबारा शुरू नहीं हो पाई है। श्रीगंगानगर से सीकर तक ट्रैक की दूरी 395 किलोमीटर है। इस ट्रैक को तैयार करने के लिए रेल विभाग करोड़ों रुपए खर्च कर चुका है। रेलवे अधिकारी छह माह से गंगानगर-सीकर ट्रेन चलाने की बात कह रहे हैं। उनका कहना है कि प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा हुआ है। अधिकारी यह भी मानते हैं कि रैक की कमी के कारण यह टे्रन शुरू नहीं हो पा रही।
इनका कहना है
रेलवे बोर्ड में मैम्बर ट्रैफिक से पांच दिन पूर्व ही बातचीत हुई है। उम्मीद है कि गंगानगर से सीकर के लिए प्रस्तावित एक्सप्रेस जल्द चलनी शुरू हो जाएगी।
- निहालचंद मेघवाल, सांसद, श्रीगंगानगर
रैक की कमी के चलते गंगानगर-सीकर ट्रेन को चलाने में दिक्कत आ रही है। रैक उपलब्ध होते ही प्रस्तावित एक्सप्रेस रेल सेवा शुरू
हो जाएगी।
- राहुल कस्वां, सांसद, चूरू
गंगानगर-सीकर के बीच ट्रेन चलाने के लिए पांच दिन पहले रेलवे के जीएम से बातचीत हुई थी। इस संबंध में मैं रेलमंत्री से भी मुलाकात कर चुका हुं। शीघ्र यह रेल सेवा उपलब्ध हो जाएगी।
- स्वामी सुमेधानंद सरस्वती, सांसद, सीकर
Published on:
15 May 2018, 7:22 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.