पंजाब के कुख्यात गैंगस्टर विक्की गौंडर का दो अन्य गैंगस्टर के साथ हिन्दुमलकोट के पास एक ढाणी में पंजाब पुलिस के साथ एनकाउंटर में मारा जाना कई सवाल खड़े करता है। एनकाउंटर के बाद जो बातें सामने आई हैं, उसके अनुसार गौंडर इस ढाणी में कई दिनों से पनाह लिए हुए था। यह ढाणी भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा से ज्यादा दूर नहीं। इस इलाके पर पुलिस के अलावा खुफिया एजेंसियों की भी नजर रहती है। लेकिन गौंडर जैसा कुख्यात बदमाश अपने साथियों के साथ इस ढाणी में कब आया, इसकी भनक न तो पुलिस को लगी और न ही अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने वाली खुफिया एजेंसियों को।