श्रीगंगानगर. पिछले तीन-चार दिनों से चटख धूप खिलने के बाद बुधवार दोपहर मौसम पलट गया, जिससे सर्दी लौट आई। मौसम वैज्ञानिक बादलवाही का कारण पश्चिमी विक्षोभ मान रहे हैं। वहीं समुद्र से उठने वाली लहरों को भी इसका कारण मानकर चल रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीगंगानगर प्रभारी एमएल रणवा ने बताया कि पूरा श्रीगंगानगर जिला, बीकानेर जिला, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर इससे प्रभावित है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल के क्षेत्र में तंत्र थोड़ा मजबूत होने से वहां बारिश के आसार हैं जबकि राजस्थान में दो दिन तक बादलवाही रह सकती है। सुबह आठ बजे तक तो लोग कंबलों में लिपटे नजर आए।