
मुख्य सचिव एवं पुलि महानिदेशक
Chief Secretary and Director General of Police: मुख्य सचिव अमिताभ जैन एवं पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ़ अशोक जुनेजा प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की टीम के साथ सुकमा जिले केे दूरस्थ वनांचल क्षेत्र पिड़मेल पहुंचे। उन्होंने क्षेत्र के विकास और सुरक्षा का जायजा लेने प्रशासन एवं पुलिस टीम के साथ पिड़मेल पहुंचकर क्षेत्रों का दौरा किया और क्षेत्र के विकास और सुरक्षा परिदृश्य की समीक्षा की। उन्होंने सुकमा जिले के पिड़मेल पहुंचकर भेजी-चिन्तागुफा मार्ग में स्थापित नवीन सुरक्षा कैम्प सहित निर्माणाधीन सड़क, पुल-पुलियों सहित क्षेत्र के अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण किया।
उल्लेखनीय है कि शासन के मंशानुरूप बस्तर संभाग के अंदरूनी संवेदनशील वनांचल क्षेत्रों में सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, पीडीएस, बिजली, आंगनबाड़ी एवं अन्य विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से नवीन सुरक्षा कैम्पों की स्थापना के साथ ही आवागमन की सुविधा हेतु सड़क एवं पुल-पुलियों का निर्माण कराया जा रहा है।
दिए ये आवश्यक निर्देश
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव एवं पुलिस महानिदेशक ने स्थानीय पुलिस, प्रशासन एवं सुरक्षाबलों से समन्वय स्थापित करते हुए क्षेत्र में हो रहे विभिन्न निर्माण कार्य की गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुये कार्य को शीघ्रता से पूर्ण किए जाने के संबंध में संबंधित विभाग के अधिकारियों तथा निर्माण एजेंसी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विकास कार्यों के संबंध में कराया अवगत
मुख्य सचिव जैन पुलिस महानिदेशक जुनेजा सहित अन्य अधिकारियों ने क्षेत्र के ग्रामीणों से रूबरू होकर उनके क्षेत्र के मूलभूत आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी ली। साथ ही ग्रामीणों को जनसुविधा के लिए किए जा रहे विकास कार्यों के संबंध में अवगत भी कराया गया।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नक्सल अभियान विवेकानंद सिन्हा, पीडब्ल्यूडी सचिव सिद्धार्थ परदेशी, पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुंदरराज पी., कमिश्नर बस्तर संभाग श्याम धावड़े, महानिदेशक, सीआरपीएफ साकेत कुमार सिंह, कलेक्टर सुकमा हरीश, पुलिस अधीक्षक सुकमा सुनील शर्मा, सीआरपीएफ एवं आईटीबीपी कमांडेण्ट सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित थे।
Published on:
8 Dec 2022, 5:13 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.