
अगर आपको भी है online shopping का चस्का तो रहे सतर्क, फेसरीडिंग और आर्डर के नाम पर हुए दो लोगों से 5 लाख पार
जगदलपुर. बस्तर में ऑनलाइन ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। बोधघाट थाने में गुरुवार को ऑन लाइन ठगी के दो मामले दर्ज किए हैं। इसमें शांतिनगर निवासी की एक युवती अंजू तोमर को ढाई लाख गंवाने पड़े तो वहीं दूसरे मामलें में प्रमोद कुमार शर्मा को आईफोन और लैपटॉप का लालच देकर उससे 2 लाख 25 हजार रुपए की ठगी कर ली। पुलिस बोघघाट थाने में मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
बोधघाट टीआई सुरेंद्र बघेल ने बताया शांति नगर निवासी अंजू तोमर को सोशल साइट का प्रयोग करते वक्त एक लिंक मिला। जिसमें फेस रीडिंग करने की बात लिखी थी। उन्होंने अपना रूझान दिखाते हुए इस लिंक में क्लिक किया। वे उस साइट पर पहुंच गई। इसके बाद सबसे पहले साइट ने पांच हजार रुपए मांगे। जैसे ही अंजू ने पांच हजार जमा कराए उसके बाद पैसे जमा कराने का सिलसिला शुरू हो गया। करीब एक महीने के अंदर ही अंजू ने ढाई लांख रुपए जमा करा दिए थे। इसके बाद जब उन्हें लगा की उनके साथ ठगी हो रही है तो उन्होंने थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई है।
सोशल साइट पर आई फोन और लैपटॉप का दिया लालच
वहीं दूसरे मामले में वृंदावन कॉलोनी निवासी प्रमोद कुमार शर्मा ने ऑन लाइन ठगी में 2 लाख 25 हजार रुपए गंवाने पड़े। दरअसल सोशल साइट्स के जरिए ही उन्हें जानकारी मिली के उन्हें आईफोन और लैपलॉप मिलने वाला है। इसके लिए पहले उन्हें कुछ राशि जमा करानी होगी। प्रमोद ने ऐसा ही किया। फिर पैसे जमा कराने का सिलसिला शुरू हो गया।
काफी दिनों चले इस सिलसिले के बाद प्रमोद का एहसास हुआ कि वह ठगी का शिकार हुआ है। जिसके बाद उसने इसकी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस का कहना है इस मामले में लोगों को सचेत रहना चाहिए। शिकायत के बाद आरोपियों की पतासाजी की जा रही है।
Updated on:
1 Sep 2019, 4:38 PM IST
Published on:
1 Sep 2019, 4:38 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.