
सासंद मेनका गांधी का सबसे विवादित बयान, गुस्से में अफसर से कहा - हमारी भीख पर टिके हो , तुम ...
सुलतानपुर. "तुम कहीं के राजा नहीं हो। तुम एक छोटे से कर्मचारी हो और तुम मेरी भीख पर जिंदा हो" यह बातें जिले की सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी (Maneka Gandhi) ने सब डिविजन अधिकारी (एसडीओ) बिजली को उस समय कहीं ,जब वे जिलाधिकारी कार्यालय के सभाकक्ष में डीएम सी इंदुमति की मौजूदगी में बिजली विभाग और वन विभाग की समीक्षा बैठक कर रही थीं।
यह भी पढ़ें- मां हूं, सबका ख्याल रखूंगी : मेनका गांधी
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने समीक्षा बैठक में बिजली विभाग की जनता द्वारा लगातार की जा रही शिकायतों के संबंध में बैठक में मौजूद सहायक अभियंता (एसडीओ) बिजली से जब सवाल किया तो वे सन्तोष जनक जवाब नहीं दे पाए । इतने पर सांसद मेनका गांधी एसडीओ बिजली पर सभाकक्ष में ही भड़क उठी और उन्हें जनता द्वारा की गई शिकायतों का पुलिंदा दिखाते हुए कहा कि " तुम कहीं के राजा नहीं हो । तुम एक छोटे से कर्मचारी हो और तुम मेरे भीख पर टिके हो। " मेनका गांधी यहीं पर नहीं रुकीं ,उन्होंने बिजली विभाग के अभियंताओं को फटकार लगाते हुए कहा कि मेरे पास रोजाना 400 से 500 शिकायतें आ रही हैं। बिजली विभाग के अभियन्ता शिकायतों को दूर करना तो दूर फोन तक नहीं उठाते। ट्रांसफार्मर महीनों से जले हुए हैं ,बार -बार कहने के बावजूद भी बदले नहीं जा रहे हैं । मेनका गांधी ने बैठक में मौजूद डीएम सी इंदुमति से कहा कि बिजली विभाग के काम में भ्रष्टाचार काफी हो रहा है। बिजली विभाग यदि 15 दिनों में गुणवत्तापूर्ण काम नहीं करता तो उससे धन की रिकवरी कराकर रिपोर्ट दर्ज कराएं। डीएम ने सांसद मेनका गांधी को समयबद्ध तरीके से कार्य करने का भरोसा दिलाया ।
कत्तई हरे पेड़ों पर न चले आरा
समीक्षा बैठक में सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने जिले में हरे पेड़ों पर चल रहे कुल्हाड़ी पर चिंता जताते हुए वन विभाग के अफसरों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी कीमत पर हरे वृक्षों पर आरा न चले । अगर शिकायत मिली तो वह वन विभाग के अफसरों पर कार्रवाई करने में देर नहीं करेंगी ।
Published on:
29 Jul 2019, 12:18 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.