
रायबरेली रेल हादसे पर राजबब्बर का बड़ा बयान, बुलेट ट्रेन से ज्यादा जरूरी है यात्रियों की सुरक्षा
लखनऊ. बुधवार सुबह रायबरेली में हुए रेल हादसे में सात की मौत हो गई, जबकि 35 लोग घायल हो गये। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने रेल हादसे के मृतक आश्रितों को 5 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 1 लाख रुपये और मामूली घायलों को 50 हजार रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतक आश्रितों को दो लाख रुपये और गंभीर घायलों के लिये 50 हजार रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है। समाजवादी पार्टी ने मृतक आश्रितों के लिये 20 लाख रुपये के मुआवजे की मांग की है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजब्बर ने रेल हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि यात्रियों की सुरक्षा बुलेट ट्रेन से ज्यादा जरूरी है।
रेल हादसे के बाद राजबब्बर ने ट्वीट करत हुए कहा कि रायबरेली ट्रेन हादसे के मृतकों को श्रद्धांजलि। घटना ने फिर जता दिया है कि बुलेट ट्रेन जैसी चीज़ों से ज़्यादा ज़रूरी है- यात्री सुरक्षा पर फोकस। कहां चुकी हुई? तय समय सीमा में इसकी जांच हो और रिपोर्ट पर अमल किया जाए।
ट्रेन हादसे से मन दुखी : शिवपाल यादव
समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के संयोजक शिवपाल यादव ने कहा कि बुधवार सुबह रायबरेली में हुई ट्रेन दुर्घटना से मन बेहद दुःखी है। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। ईश्वर शोकसंतप्त परिजनों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। साथ ही सरकार पीड़ितों को तत्काल सहायता पहुंचाए।
डिप्टी सीएम ने जताई संवेदना
उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि ट्वीट करते हुए रेल हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि रायबरेली रेल दुर्घटना की दुखद सूचना प्राप्त हुई। मैं दुर्घटना में मृतकों व घायलों के परिजनो के साथ गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि रायबरेली में रेल के डिब्बों के पटरी से उतरने के कारण कुछ लोगों के मृत होने तथा कई लोग घायल हुए हैं। दुर्घटना में हताहत और घायलों के परिजनों के साथ मैं संवेदना व्यक्त करता हूं।
Updated on:
10 Oct 2018, 7:07 PM IST
Published on:
10 Oct 2018, 7:07 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.