पत्रिका न्यूज नेटवर्क
सुलतानपुर. UP Panchayat Election Results 2021 : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के नतीजों ने जिले में भाजपाइयों के पैरों तले से जमीन खिसका दी है। पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद मेनका गांधी का जादू भी मतदाताओं के सिर नहीं चढ़ा, उन्होंने 6 दिन प्रत्याशियों के पक्ष में कैंपेनिंग की थी। इसके अलावा बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने भी दिन जिले में रहकर बीजेपी समर्थित प्रत्याशियों को जिताने की अपील की थी। 45 सीटों वाले जिला पंचायत सदस्यों में से सिर्फ 03 सीटों पर ही भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को जीत हासिल हुई। सबसे ज्यादा 21 निर्दल जीते। इसके अलावा समाजवादी पार्टी को 8, बसपा को 4, बीजेपी, कांग्रेस और निषाद पार्टी 3-3 सीटों पर जीतने में कामयाब रही। इसके अलावा जिले असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम समर्थित प्रत्याशियों को 2 और आम आदमी पार्टी समर्थित प्रत्याशी को भी एक सीट मिली। सुलतानुपर में जिला पंचायत अध्यक्ष निर्दलीय होगा या फिर किसी दल का? इसको लेकर राजनीतिक दलों ने जोड-घटाना शुरू कर दिया है।