
इन 350 सांसदों के समर्थन से राम मंदिर बनवाएंगे मौनी महाराज, कहा- अब और इंतजार नहीं
सुलतानपुर. लोकसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आता जा रहा है, राम मंदिर का मुद्दा गरमाता जा रहा है। राम मंदिर आंदोलन के अगुआ बन चुके नेपाल में लगातार 41 दिनों तक भू-समाधि लेने का रिकॉर्ड बनाने वाले मशहूर सगरा आश्रम के पीठाधीश्वर बाल ब्रह्मचारी शिवयोगी मौनी महाराज ने अमेठी, सुल्तानपुर सहित आसपास के जिलों में राम मंदिर निर्माण के संकल्प को हवा दे दी है। राम मंदिर निर्माण के पक्ष में सांसदों का समर्थन जुटाने मौनी महाराज अपने काफिले के साथ देश भर में अलख जगाएंगे। कहा कि मुझे विश्वास है कि राम मंदिर निर्माण के पक्ष में देश भर से करीब 350 सांसदों का समर्थन उन्हें हासिल होगा।
सगरा पीठाधीश्वर मौनी महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वाराणसी से लेकर पूरी दुनिया के मंदिरों-मस्जिदों, गुरुद्वारों और चर्च में जा रहे हैं, लेकिन वह अयोध्या नगरी क्यों नहीं आते? रामनगरी आने से क्यों बचते हैं? क्योंकि उन्हें इस बात का डर है कि वहां जाने से राम मंदिर मुद्दा उठेगा। मौनी बाबा ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब पीएम नरेंद्र मोदी सबको आवास दे रहे हैं तो रामलला को क्यों नहीं? उन्होंने भाजपा पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि अब राम मंदिर के मुद्दे पर भाजपा का कोई बहाना नहीं चलेगा, क्योंकि राष्ट्रपति से लेकर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री सब भाजपा के हैं। तो ऐसे में बहुमत में न होने का बहाना अब कतई स्वीकार नहीं होगा।
अब और इंतजार नहीं करेंगे संत
संत अब और इंतज़ार नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा से लगता तो यही है कि यदि शीर्ष अदालत का फैसला राम मंदिर के पक्ष में आ भी गया तो सरकार यह भी कह सकती है कि यदि राम मंदिर बना तो देश भर में दंगे हो सकते हैं। मौनी महाराज ने प्रवीण तोगड़िया पर गम्भीर टिप्पणी करते हुए कहा कि तोगड़िया प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बेदखल करने के अभियान में लगे हुए हैं, यदि वह ईमानदारी से राम मंदिर निर्माण के संकल्प और आंदोलन में आगे बढ़ें तो हम उनके साथ हैं।
राहुल गांधी भी नहीं आये अयोध्या
सगरा पीठाधीश्वर राहुल गांधी पर जमकर बरसे। उन्होंने राहुल गांधी के बारे में कहा कि उनके पिता स्व राजीव गांधी ने ही अयोध्या में रामलला के दर्शन एवं पूजन के लिए ताला खुलवाया था और एक उनके बेटे हैं राहुल गांधी जो देश-विदेश के मंदिरों में तो जाते हैं, लेकिन अयोध्या के राम मंदिर का दर्शन करने कभी नहीं आये।
350 सांसदों का मिलेगा समर्थन
सगरा पीठाधीश्वर मौनी महाराज ने कहा कि वे देश भर में राममंदिर निर्माण के पक्ष में सांसदों का समर्थन जुटाने यात्रा पर निकल रहे हैं। कहा कि उनको विश्वास है कि राम मंदिर निर्माण के पक्ष में देश भर से करीब 350 सांसदों का समर्थन हासिल होगा।
देखें वीडियो...
Updated on:
15 Nov 2018, 1:13 PM IST
Published on:
15 Nov 2018, 12:55 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.