
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
सुलतानपुर. मंगलवार को दिन की शुरुआत धूप के साथ हुई। सुबह तेज धूप खिलने के बाद लोगों को यह भरोसा था कि पिछले दो दिनों की तरह धूप होने से सर्दी से राहत मिलेगी, लेकिन दिन के 11 बजते बजते अचानक मौसम ने करवट बदली और आसमान में बादलों का डेरा जम गया और बादलों ने सूर्यदेव को ढक लिया और पछुआ हवायें चलने लगीं। मौसम विभाग ने अगले 48 घण्टों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई है, जिसके बाद थोड़ी ठंडी बढ़ जाएगी।
सर्दी कर सकती है पलटवार
दो दिन पहले तक ऐसा लग रहा था कि वसंत नजदीक आते ही सर्दी का असर घटने लगा है। पिछले तीन दिनों से भले ही कोहरा छाया रहा, लेकिन दिन में तेज धूप निकलने के साथ ही तापमान में काफी वृद्धि हो गई थी। जिसके कारण लोगों को सर्दी के कहर से बड़ी राहत मिली थी। जिले में तेज धूप निकलने के कारण दिन का तापमान बढ़कर 27 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था और न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी हुई थी। लोगों को करीब दो माह बाद लोगों को सर्दी से राहत मिली थी। लेकिन मौसम के करवट बदलते ही सर्दी पलटवार कर सकती है।
जानें क्या है मौसम विभाग का अलर्ट
आचार्य नरेन्द्रदेव कृषि एवं प्रद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के मौसम पर्यवेक्षक डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि अगले 48 घण्टों तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं होगा। आसमान में बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है वहीं, मौसम वैज्ञानिक डॉ. सूर्यप्रकाश मिश्र ने कहा कि अभी मौसम में सर्दी बनी रहेगी और न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है। उन्होंने बताया कि अगले 48 घण्टों में आसमान में बादल छाए रहेंगे और बूंदाबांदी की संभावना है ।
By- राम सुमिरन मिश्र
Updated on:
16 Feb 2021, 3:47 PM IST
Published on:
16 Feb 2021, 1:54 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.