
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
सुलतानपुर. मौसम की भविष्यवाणी एक बार फिर सच साबित हुई है। मंगलवार को दिन भर आसमान में बादल छाये रहे और पछुआ हवायें चलती रहीं। अभी भी बादल छाये हुए हैं। रात में बारिश हो सकती है। मंगलवार शाम को मथुरा में बारिश के साथ ओले भी गिरे। पश्चिमी यूपी के कई जिलों में भी हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सुलतानपुर, लखनऊ और उनके आसपास के जिलों में अगले 48 घंटों तक यूं ही मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। इस दौरान धूल भर आंधी के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है। कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो भी सकती है।
कृषि विज्ञान केन्द्र सुलतानपुर के मौसम पर्यवेक्षक डॉ. जेपी तिवारी ने जनपद समेत आसपास के कुछ जिलों में 40 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान लगाया है। इन जिलों में हवा के झोंकों के साथ बारिश और ओले गिरने की भी संभावना जाहिर की गई है। पूर्वानुमान है कि इसके बाद मौसम साफ रहेगा।
मौसम विभाग ने जारी किया था अलर्ट
इससे पहले मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार को जिले में हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान जताया था। मौसम विभाग ने ताजा अलर्ट जारी करते हुए सुलतानपुर समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश साथ ही साथ चार से पांच जिलों में ओले गिरने का अलर्ट भी जारी किया है और आंधी तूफान आने की संभावना जताई है।
Updated on:
23 Mar 2021, 7:27 PM IST
Published on:
23 Mar 2021, 7:20 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.