
मध्यप्रदेश के दमोह से लाया था बम बनाने का सामान
सूरत. घातक अमोनियम नाइट्रेट समेत बम बनाने की सामग्री के साथ पकड़ा गया सोनू ठाकुर इसे मध्यप्रदेश के दमोह से सूरत लाया था। क्राइम ब्रांच ने उसे बुधवार को अदालत में पेश कर दस दिन के रिमांड पर लिया है।
पुलिस उप निरीक्षक एम.एस.त्रिवेदी ने बताया कि गोडादरा गंगोत्री सोसायटी निवासी आरोपित सोने सिंह उर्फ सोनू ठाकुर (24) ने अमोनियम नाइट्रेट की छडिय़ां और डेटोनेटर मध्यप्रदेश के दमोह जिले के तेजगढ़ में रहने वाले अपने मित्र के पास से खरीदे थे। उसका इरादा कहीं विस्फोट करने का नहीं था, वह केवल अपनी प्रेमिका के पति उदयसिंह ठाकुर को फंसाना चाहता था।
दमोह जिले के बजरिया गांव का मूल निवासी सोनू पिछले सात वर्ष से सूरत में रहकर जमीन दलाली का काम करता है। वह अपने परिचित के जरिए युवतीके संपर्क में आया था। दोनों के बीच प्रेम संबंध बनने पर वे कुछ समय तक साथ रहे। फिर अनबन होने वह युवती उससे अलग हो गई। उदयसिंह ने युवती को जाल में फांस कर उसे मारपीट के मामले में उलझा दिया और गिरफ्तार भी करवा दिया। इसके बाद से वह उदय से बदला लेना चाहता था। इसलिए विस्फोटकों के साथ उदयसिंह को पकड़वाने की साजिश रची ताकि वह लंबे समय के लिए जेल चला जाए और वह अपनी प्रेमिका को हासिल कर सके।
दोस्त की मदद से जुटाया सारा सामान
कुछ दिन पूर्व उसने मित्र से संपर्क किया और अमोनियम नाइट्रेट की नौ स्टिक, डेटोनेटर खरीदे और उन्हें ट्रेन से सूरत ले आया। इसके बाद वायर, बैटरी, छर्रे, मास्क, टेस्टर आदि सूरत से खरीदे। वह उन्हें किसी तरह उदयसिंह के घर पर रखने की फिराक में था, लेकिन मंगलवार को गोडादरा देवध रोड पर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने बुधवार को उसे अदालत में पेश कर चौदह दिन के रिमांड की मांग की। अदालत ने उसे दस दिन तक पुलिस अभिरक्षा में रखने का आदेश दिया है। पुलिस ने उसे विस्फोटक सामग्री उपलब्ध करवाने वाले मित्र के बारे में पूछताछ शुरू कर दी है।
बन सकते हंै घातक बम
क्राइम ब्रांच ने सोनू से बरामद अमोनियम नाइट्रेट की ९ स्टिक, ९ डिटोनेटर, २ ट्रांजिस्टर बैटरी, २५० ग्राम छर्रे, ३ चाकू, २० मीटर वायर, ३ मॉस्क, पीले रंग का एक टेस्टर आदि की फोरेन्सिक टीम से जांच करवाई। जांच के बाद फोरेन्सिक विशेषज्ञों ने बताया कि उक्त सामग्री को किसी कंटेनर में प्लांट कर नौ घातक बम तैयार किए जा सकते हैं। अमोनियम नाइट्रेट की एक स्टिक १२५ ग्राम की है। गौरतलब है कि इंडियन मुजाहिदीन ने जो बम इस्तेमाल किए थे उनमें २०० ग्राम अमोनियम नाइट्रेट था।
मित्र ने दी थी सामग्री की जानकारी
पुलिस ने बताया कि बम तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की पूरी जानकारी सोनू को दमोह के उसके एक मित्र ने दी थी। उससे सारी चीजों के बारे में पता चलने पर उसने बम के जरिए उदयसिंह को फंसाने की साजिश रची थी और सारी चीजे जुटा कर उसे अंजाम देने का प्रयास किया। पुलिस उसके मित्र का पता लगाने में जुटी है।
नहीं आई एटीएस
सूत्रों का कहना है कि विस्फोटकों के साथ सोनू सिंह की गिरफ्तारी के बारे में क्राइम ब्रांच ने गांधीनगर एटीएस को जानकारी दी थी। हालांकि अभी तक इस मामले में पूछताछ के लिए एटीएस की टीम सूरत नहीं आई है।
Published on:
10 Oct 2018 09:44 pm
