21 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पानी की बिगड़ती स्थिति पर बैठक में उठे सवाल

आयुक्त ने दी हिदायत, लोगों तक पूरा और गुणवत्तायुक्त पहुंचे पानी

2 min read
Google source verification

सूरत

image

Vineet Sharma

Oct 20, 2018

patrika

पानी की बिगड़ती स्थिति पर बैठक में उठे सवाल

सूरत. शहर में पानी आपूर्ति की गड़बड़ाई स्थिति को लेकर मनपा प्रशासन गंभीर हुआ है। पानी आपूर्ति में आ रही मुश्किल को समझने के लिए आयुक्त एम थेन्नारसन ने शनिवार को विशेष बैठक बुलाकर चर्चा की। उन्होंने हिदायत दी कि लोगों तक पूरा और गुणवत्ता का पानी पहुंचना चाहिए। यह कैसे संभव होगा हाइड्रोलिक टीम तय कर ले। हाइड्रोलिक अधिकारियों ने सफाई दी कि शहर में निर्बाध पानी आपूर्ति के प्रयास किए जा रहे हैं। कई बार दिक्कतें बड़ी हो जाती हैं, जिस वजह से ऐसे हालात बनते हैं।

एक तरफ आसमान से बरस रही आग लोगों के पसीने छुड़ा रही है तो दूसरी तरफ मनपा का हाइड्रोलिक विभाग लोगों के गले तर कर पाने में विफल साबित हो रहा है। शहर में भीषण गर्मी के बीच पानी की किल्लत से जूझ रहे लोगों को जरूरतभर का पानी नहीं मिल पा रहा। कई जगह प्रेशर कमजोर है तो कहीं घरों तक पहुंच रहा पानी पीने लायक नहीं है। लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद उनकी समस्या पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। बीते कुछ दिनों में स्थिति अधिक गंभीर हुई है।

मामला मनपा आयुक्त तक पहुंचा तो उन्होंने शनिवार को विशेष बैठक बुलाकर शहर में पानी आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने जोनवार सभी जोनल अधिकारियों से उनके क्षेत्र में पानी आपूर्ति की स्थिति जानी। अधिकारियों ने अपने क्षेत्र में पानी आपूर्ति में आ रही मुश्किलें सामने रखीं। कई अधिकारियों ने इस स्थिति से निपटने के लिए सुझाव भी रखे।

आयुक्त ने पानी आपूर्ति की गड़बड़ाई स्थिति पर हाइड्रोलिक टीम को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि स्थिति में सुधार के लिए हरसंभव कोशिश होनी चाहिए। उन्होंने हिदायत दी कि शहर में पानी आपूर्ति को नियमित किया जाए। हर घर में जरूरतभर का पानी तय अंतराल में पहुंचना चाहिए। साथ ही लोगों तक पहुचाए जा रहे पानी की गुणवत्ता पर भी ध्यान दिया जाए और दूषित पानी की आपूर्ति की समस्या का त्वरित निस्तारण किया जाए।

हाइड्रोलिक विभाग से एडीशनल सिटी इंजीनियर केएच खटवाणी ने सफाई दी कि हाइड्रोलिक टीम पानी आपूर्ति को लेकर सजग है। उन्होंने कहा कि कई बार अपरिहार्य कारणों से ऐसी स्थिति बनती है, जिसकी वजह से पानी की किल्लत का तात्कालिक असर दिखता है। दूषित पानी की आपूर्ति पर उन्होंने कहा कि घरों में जाने वाली पाइपलाइन जहां 20 वर्ष से अधिक पुरानी हैं, वहां यह समस्या बार-बार सामने आती है। इन लाइनों को बदले जाने की जरूरत है, जिसके लिए उपभोक्ताओं को भी सहयोग करना होगा।

प्रोजेक्ट्स में तेजी लाने की हिदायत

मनपा के शहरभर में चल रहे प्रोजेक्ट्स की रिव्यू बैठक में आयुक्त ने काम में तेजी लाने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि जिन प्रोजेक्ट्स के काम में देरी हो रही है, उसके अवरोध दूर होने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को साइट विजिट कर काम की गुणवत्ता बेहतर रखने की हिदायत भी दी।