4 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

देवी भागवत कथा की महिमा अपरम्पार

श्रीसुरभि शक्ति आराधना महोत्सव
2 min read
Google source verification
patrika

देवी भागवत कथा की महिमा अपरम्पार

सूरत. सिटीलाइट में सूर्यप्रकाश रेजिडेंसी के पास पथमेड़ा गोधाम महातीर्थ सूरत इकाई की ओर से नवरात्र पर्व के उपलक्ष में आयोजित श्रीसुरभि शक्ति आराधना महोत्सव की शुरुआत में बुधवार को श्रीमद्देवी भागवत कथा का आयोजन किया गया। दोपहर एक बजे से आयोजित कथा में व्यासपीठ से त्र्यंबकेश्वर चैतन्य महाराज ने बताया कि श्रीमद्देवी भागवत कथा की महिमा अपरम्पार है। कथा में मां भगवती का सम्पूर्ण वर्णन है। उन्होंने बताया कि आत्म कल्याण के लिए गंगा, गीता, गायत्री, गोविंद और गोमाता की शरण लेनी चाहिए। इनमें से पहले चार की प्राप्ति मुश्किल है लेकिन गो माता के चरणरज में अपने अहंकार को गला दे तो कल्याण निश्चित है। महाराज ने आगे उपमन्यु के प्रसंग से गुरु व माता-पिता की वाणी की महिमा का वर्णन करते हुए बताया कि क्रिया से सीमित मात्रा में पुण्य मिलता है। मगर गुरु की कृपा विशाल समुद्र व आकाश के बराबर है। गुरुकृपा में दिव्य रूप से शिष्य के हित का ही समावेश होता है। महोत्सव के मीडिया प्रभारी सज्जन महर्षि ने बताया कि बुधवार को सुबह साढ़े छह बजे से दोपहर एक बजे तक श्रीरामचरित मानस नवाह्न पारायण पाठ, सुरभि शतचंडी महायज्ञ का आयोजन किया गया और शाम को श्रीललिता सुरभि सहस्रार्चन कार्यक्रम में एक सौ आठ जोड़ों ने गो माता की पूजा-अर्चना की। इनमें कथा मनोरथी गजानंद कंसल, रामरतन भूतड़ा, रामनारायण चांडक, बालकिशन राठी, सांवरमल बुधिया, राकेश कंसल, किशोरसिंह, अर्जुनसिंह, मालाराम, तुलसीभाई, लालसिंह, संदीप पोद्दार, प्रमोद पोद्दार आदि शामिल थे।


बस की व्यवस्था


सिटीलाइट में आयोजित श्रीसुरभि शक्ति आराधना महोत्सव में श्रद्धालुओं के आने-जाने के लिए आयोजकों ने बसों की व्यवस्था की है। बसों की व्यवस्था शहर के गोडादरा, डुंभाल हनुमान मंदिर, मॉडलटाउन, जलवंत टाउनशिप, पुणागांव आदि क्षेत्र में की गई है।


एक शाम मां सच्चियाय के नाम 15 को


श्रीसच्चियाय माता सेवक संघ की ओर से 15 अक्टूबर को एक शाम मां सच्चियाय के नाम भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। संघ के महेंद्रकुमार बैद ने बताया कि कार्यक्रम सिटीलाइट के माहेश्वरी भवन में शाम सात बजे प्रारम्भ होगा। इसमें धनबाद के गायक पारितोष व मिनी प्रीतम मातारानी के भजनों की प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा दिल्ली की मोंटी नटराजन पार्टी नृत्यनाटिका की प्रस्तुति देगी। इस मौके पर मां सच्चियाय के शृंगारित दरबार के समक्ष अखण्ड ज्योत, छप्पनभोग, महाआरती आदि के भी आयोजन किए जाएंगे।