
इन छह भाइयों को तीन हजार बहनों ने बांधी राखी
सूरत. पी.पी.सवाणी परिवार की तीन हजार पालक पुत्रियों ने रविवार को रक्षाबंधन पर्व पर सवाणी परिवार के छह भाइयों की कलाइयों पर राखी बांधकर उनके लिए कामना की। इसके अलावा सवाणी परिवार संचालित जननीधाम में आश्रित एचआइवी ग्रस्त 65 बच्चियों ने भी मितुल सवाणी को राखी बांधी। पी.पी.सवाणी परिवार की ओर से रविवार को मितुल फार्म में कार्यक्रम का आयोजन कर सभी पालक पुत्रिओं को आमंत्रित किया गया था। मानवीय संबंधों से जुड़ी बहनों ने बारी-बारी से सवाणी परिवार मितुल सवाणी, आशिष सवाणी, मोहीत सवाणी, मोनार्क सवाणी, स्नेह सवाणी और कुंज सवाणी की कलाइयों पर रक्षासूत्र बांधा। इस अवसर पर पी.पी.सवाणी परिवार के वल्लभ सवाणी, महेश सवाणी, रमेश सवाणी, और राजू सवाणी मौजूद थे।
भाई की कलाई पर सजी राखी
वापी. बहन भाई के पवित्र रिश्ते का त्यौहार रक्षाबंधन रविवार को वापी समेत जिलेभर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बहनों ने भाइयों की कलाइयों पर रेशम का धागा बांधकर अपना प्यार लुटाया तो भाइयों ने भी उनकी सुरक्षा का संकल्प लेकर उपहारों से खुश कर दिया।
वापी में सुबह से ही परिवारों में रक्षाबंधन का उत्साह शुरु हो गया था। बच्चों मे पर्व का उत्साह सर्वाधिक देखा गया। बहनें अपने भाइयों को राखियां बाधने के लिए सुबह से ही तैयारी में जुट गई थी। अधिकांश परिवारों में मुहूर्त के अनुसार भाइयों की आरती कर राखी बांधी गई। जानकारी के अनुसार त्यौहारों का अवसर दोपहर तक बाजारों में भी दिखा। मिठाइयों व उपहारों की दुकानों पर भी भीड़ देखी गई। पूरे दिन रक्षाबंधन के त्यौहार का असर देखा गया।
ब्राह्मणों ने धारण किया नया जनेऊ
वापी. रक्षाबंधन पर्व पर वापी में कई जगहों पर सामूहिक यज्ञोपवित संस्कार का आयोजन भी किया गया था। इस दौरान भूदेवों ने शास्त्रोक्त विधि विधान से नया जनेऊ धारण किया। श्री समस्त गुजराती ब्रह्म समाज की ओर से रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में रविवार को स्वामीनारायण सलवाव में भी यज्ञोपवित संस्कार आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में आए ब्राह्मणों ने नया जनेऊ पहना। इस बारे में समाज की ओर से बताया गया कि 16 संस्कारों में यज्ञोपवित संस्कार महत्वपूर्ण है और श्रावणी पूूूॢणमा के पावन पर्व पर लोगों ने पुराने जनेऊ त्यागकर नया जनेऊ धारण किया। इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में समाज के लोग भी उपस्थित थे।
Published on:
26 Aug 2018 08:25 pm
