3 सितंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

“रावण के बाद अब कृष्णदेवराय की दाढ़ी!” किच्चा सुदीप की फिल्म ‘देवराया’ के लुक पर छिड़ी इंटरनेट पर वॉर

Devaraaya Controversy: कन्नड़ सुपरस्टार किच्चा सुदीप की ऐतिहासिक फिल्म 'देवराया' के फर्स्ट लुक पोस्टर पर बहस छिड़ गई है। लोगों का कहना है कि एतिहासिक पात्रों से कोई छेड़छाड़ नहीं करनी चाहिए।
3 min read
Google source verification
kiccha sudeep beard look Controversy in Devaraaya

किच्चा सुदीप की नई फिल्म देवराया के फर्स्ट लुक पर छिड़ा विवाद (Photo Source- Twitter/@ketansnadar)

Devaraaya kiccha sudeep beard look Controversy: कन्नड़ सिनेमा के सुपरस्टार किच्चा सुदीप की आने वाली फिल्म 'देवराया' (Devaraya) की पहली झलक सामने आते ही सोशल मीडिया पर एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। सुदीप के जन्मदिन पर फिल्म निर्माताओं ने विजयनगर साम्राज्य के महान सम्राट श्री कृष्णदेवराय के रूप में उनका फर्स्ट लुक पोस्टर जारी किया था। सुदीप के इस शाही और रौबदार अवतार ने फैंस का ध्यान तो खींचा, लेकिन सम्राट की घनी दाढ़ी देखकर इतिहास प्रेमियों और सिनेमा प्रेमियों के बीच तीखी बहस छिड़ गई।

फिल्म देवराया को लेकर छिड़ी बहस

फिल्म में सुदीप के 'बीयर्ड लुक' को लेकर दर्शक और इतिहास प्रेमी दो गुटों में बंट गए हैं। कई लोगों ने तर्क दिया कि किसी भी वास्तविक ऐतिहासिक व्यक्तित्व पर फिल्म बनाते समय ऐतिहासिक सटीकता और तथ्यों से कोई समझौता नहीं किया जाना चाहिए।

एक यूजर ने सोशल मीडिया पर ऐतिहासिक साक्ष्यों का हवाला देते हुए लिखा, "प्राचीन मंदिरों की मूर्तियों, सिक्कों और पारंपरिक चित्रों में श्री कृष्णदेवराय को हमेशा बिना दाढ़ी के (Clean Shaven) दिखाया गया है। ऐसे में सुदीप को दाढ़ी के साथ दिखाना इतिहास का गलत चित्रण है।"

वहीं, एक अन्य यूजर ने 16वीं शताब्दी में विजयनगर साम्राज्य की यात्रा करने वाले पुर्तगाली यात्री डोमिंगो पेस (Domingo Paes) के यात्रा का हवाला दिया और बताया कि पेस ने व्यक्तिगत रूप से सम्राट कृष्णदेवराय से मुलाकात की थी। उन्होंने अपने लेख में राजा के कद-काठी और रूप-रंग का बेहद बारीक से वर्णन भी किया था, लेकिन कहीं भी राजा की दाढ़ी का कोई जिक्र नहीं था।

"रावण के बाद अब कृष्णदेवराय की दाढ़ी!

सोशल मीडिया पर आलोचना का दौर यहीं नहीं रुका। दर्शकों ने सवाल उठाया कि क्या पौराणिक और ऐतिहासिक लोगों से ज्यादा अभिनेताओं की व्यक्तिगत स्टाइलिंग और लुक को प्राथमिकता दी जा रही है?

एक यूजर ने भड़ास निकालते हुए लिखा, "पहले रावण को दाढ़ी के साथ दिखाया गया और अब सम्राट कृष्णदेवराय को भी दाढ़ी दे दी गई। क्या फिल्म निर्माता अब इतिहास और पौराणिक कथाओं के साथ सिर्फ इसलिए खिलवाड़ कर रहे हैं क्योंकि अभिनेता बिना दाढ़ी के कैमरे पर अच्छे नहीं दिखते?"

अभिनेता राजकुमार ने निभाया था पहले कृष्णदेवराय का किरदार

कन्नड़ सिनेमा में श्री कृष्णदेवराय के किरदार का एक बहुत ही खास और भावनात्मक महत्व है। इससे पहले कन्नड़ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता डॉ. राजकुमार ने पर्दे पर श्री कृष्णदेवराय की भूमिका को इतने जीवंत और प्रामाणिक तरीके से निभाया था कि आज भी दर्शक उस छवि को याद करते हैं। ऐसे में सुदीप के इस आधुनिक लुक की तुलना सीधे तौर पर डॉ. राजकुमार के उस आइकॉनिक चित्रण से की जा रही है।

निर्देशक के नाम पर सस्पेंस कायम

निर्माताओं ने फिल्म का फर्स्ट लुक जारी करने के साथ ही एक AI-जनरेटेड टीजर वीडियो भी जारी किया है। हालांकि, मेकर्स ने तुरंत स्पष्ट कर दिया कि इस घोषणा वीडियो में इस्तेमाल किए गए AI विजुअल्स मुख्य फिल्म का हिस्सा नहीं होंगे। दिलचस्प बात यह है कि इतनी बड़ी घोषणा के बावजूद निर्माताओं ने अभी तक फिल्म के निर्देशक के नाम से पर्दा नहीं उठाया है।

सुदीप के लुक को लेकर इंटरनेट पर जारी इस घमासान और आलोचनाओं के बावजूद, फिल्म के निर्माताओं या किच्चा सुदीप की तरफ से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।