
Tonk Electricity Warehouse Fire (Patrika Photo)
Tonk Electricity Warehouse Fire: टोंक शहर के सबसे व्यस्ततम व्यावसायिक क्षेत्र घंटाघर से सुभाष बाजार के बीच मंगलवार तड़के एक भीषण अग्निकांड ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। सुबह करीब 4:30 बजे 'जैन इलेक्ट्रिकल्स' के पहली मंजिल पर स्थित गोदाम में अचानक आग लग गई।
बता दें कि इस घटना में लगभग 50 से 60 लाख रुपए के इलेक्ट्रॉनिक सामान के जलकर खाक होने का अनुमान है, जिसके बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
मंगलवार सुबह जब लोग मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, तब उन्होंने गोदाम से उठती आग की लपटें और काला धुआं देखा। स्थानीय लोगों ने तुरंत दुकान मालिक को सूचित किया और पुलिस कंट्रोल रूम (100 नंबर) व दमकल विभाग को जानकारी दी।
दमकल के पहुंचने से पहले ही आसपास के दुकानदारों और निवासियों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का साहसिक प्रयास किया। हालांकि, गोदाम में भारी मात्रा में बिजली के तार, प्लास्टिक पाइप और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। पूरा बाजार क्षेत्र घने काले धुएं की चादर में लिपट गया।
सूचना मिलते ही चार दमकल गाड़ियां और पानी के कई टैंकर मौके पर पहुंचे। आग की भयावहता और घनी आबादी वाला क्षेत्र होने के कारण किसी भी अप्रिय घटना या करंट से बचने के लिए पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति तत्काल बंद कर दी गई। कोतवाली थाना पुलिस ने भी जाब्ते के साथ मोर्चा संभाला और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की।
दमकलकर्मियों की करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि जैन इलेक्ट्रिकल्स की मुख्य दुकान गोदाम से दो दुकान छोड़कर स्थित थी, जिससे मुख्य शोरूम आग की चपेट में आने से बच गया।
Updated on:
21 Apr 2026 10:03 am
Published on:
21 Apr 2026 09:46 am
बड़ी खबरें
View Allटोंक
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
