
शोएब इब्राहिम ने पिता के हेल्थ पर दिया अपडेट
Shoaib Ibrahim On father health update: टीवी की फेमस एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ और एक्टर शोएब इब्राहिम के पूरे परिवार पर इस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जहां परिवार का एक सदस्य पहले से ही कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से जंग लड़ रहा है, और अब इसी बीच शोएब के पिता की तबीयत अचानक बेहद नासाज हो गई है। हाल ही में शोएब ने पोस्ट शेयर कर बताया था कि उनके पिता को ICU में आनन-फानन में भर्ती कराया गया है। अब उसी पर उन्होंने बड़ा अपडेट दिया है। शोएब ने इमोशनल व्लॉग शेयर किया है और बताया है कि उनके पापा को ब्रेन हेमरेज (दिमाग की नस फटने) के कारण भारी ब्लीडिंग हुई है जिसके बाद उनकी हालत ठीक नहीं है। वह ज्यादा रिस्पांस नहीं कर रहे हैं और उनकी सीधा हिस्सा भी ज्यादा काम नहीं कर रहा है।
शोएब ने जो यूट्यूब पर वीडियो शेयर किया। उसमें वह काफी उदास और थके हुए नजर आए। उन्होंने पिता की हेल्थ पर अपडेट देते हुए बताया, "इस बार पापा को स्ट्रोक नहीं, बल्कि हैमरेज हुआ है और उनकी हालत काफी नाजुक बनी हुई है। पिछली बार जब पापा को पैरालिसिस का स्ट्रोक आया था, तब वह कम से कम बात कर पा रहे थे और उन्होंने जल्दी रिकवरी भी कर ली थी। लेकिन इस बार दिमाग के पिछले हिस्से में काफी ब्लीडिंग हो गई है, जिसकी वजह से उन्हें बोलने में बहुत तकलीफ हो रही है। उनके शरीर का दाहिना यानी राइट हिस्सा ठीक से काम नहीं कर रहा है और उनकी आंखों की रोशनी में भी धुंधलापन आ गया है।"
शोएब ने आगे बताया कि फिलहाल डॉक्टरों ने उनका ब्लड प्रेशर यानी BP कंट्रोल में कर लिया है, लेकिन ब्लीडिंग की वजह से उनका होश यानी सेंस बहुत कम हो गया है। वह किसी भी बात पर रिएक्ट नहीं कर रहे हैं और डॉक्टर जल्द ही उनकी एक बड़ी सर्जरी करने की तैयारी में हैं।
अपने पिता की इस हालत पर बात करते हुए शोएब काफी भावुक हो गए। उन्होंने नम आंखों से कहा, "पता नहीं यह कैसा वक्त है, अल्लाह एक के बाद एक हमारी परीक्षा ले रहा है। लेकिन हमें ऊपर वाले पर पूरा यकीन है और आप सबकी दुआएं हमारे साथ हैं। पापा को इस हालत में देखना हम सबके लिए बेहद दर्दनाक है। वह घर में बिल्कुल एक छोटे बच्चे की तरह रहते थे और हम सब उन्हें वैसे ही लाड़-प्यार देते थे।"
शोएब ने बताया कि पिता की इस हालत को देखकर उनकी अम्मी न टूट जाएं, इसलिए उन्होंने अम्मी को ICU के अंदर नहीं बुलाया है, हालांकि दीपिका एक बार पापा से मिलने अंदर गई थीं। सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि हेमरेज होने से ठीक एक रात पहले तक शोएब के पापा बिल्कुल भले-चंगे थे। उन्होंने रात में अच्छे से खाना खाया, घर में वॉक की, टीवी पर मैच और फिल्म भी देखी। रात साढ़े तीन बजे वह सामान्य रूप से उठे भी थे, लेकिन सुबह 8 बजे जब वह सोकर जागे, तो अचानक उनकी पूरी बॉडी का संतुलन बिगड़ चुका था। इस मुश्किल घड़ी में फैंस लगातार शोएब के पिता के जल्द ठीक होने की दुआएं मांग रहे हैं।
Updated on:
26 May 2026 09:33 am
Published on:
26 May 2026 09:33 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
