
उदयपुर . इनरव्हील क्लब उदयपुर ने सिटी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर मंगलवार को ममता शिशु आहार गृह (बेबी फीडिंग रूम) का उद्घाटन किया। क्लब ने प्लेटफार्म नंबर एक पर रेलवे की ओर से बनाए गए फीडिंग रूम में टेबल-कुर्सी आदि भी भेंट किए।
शिशु आहार गृह का उद्घाटन क्लब अध्यक्ष शीला तलेसरा, डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन सुनीता जैन, सचिव देविका सिंघवी, स्टेशन मैनेजर एससी वर्मा, उपाध्यक्ष आशा कुणावत आदि ने किया। अध्यक्ष शीला ने बताया कि क्लब ने ममता शिशु आहार गृह के नाम से नया प्रोजेक्ट शुरू किया है। सिटी रेलवे स्टेशन से इसकी शुरुआत हुई है। ममता शिशु आहार गृह (बेबी फीडिंग रूम) ऐसी जगह है, जहां माता अपने शिशु को आराम से बिना किसी तकलीफ के दुग्धपान करवा सकती है। इसमें एक साथ दो माताएं बैठकर शिशुओं को दुग्धपान करवा सकती है।
रूम में दो टेबल लगे हैं तथा पंखा और लाइट की व्यवस्था भी की गई है। ममता शिशु आहार गृह 24 घंटे माताओं के लिए खुला रहेगा। इसकी एक चाबी बाहर टंगी रहेगी। माताएं शिशुओं को दुग्धपान करवा कर कक्ष पर ताला लगाकर चाबी बाहर भी टांग सकती है या पास ही अधिकृत व्यक्ति को सौंप सकती है। जरूरतमन्द महिलाएं अधिकृत व्यक्ति से चाबी मांग सकती है।
READ ALSO: सम्मेलन के लिए बनाई समितियां
उदयपुर. मेवाड़ पालीवाल, मेनारिया, नागदा एवं समस्त ब्राह्मण सामुहिक विवाह समिति की बैठक मंगलवार को आयड़ स्थित उदासीन आश्रम गंगू कुण्ड पर हुई। एच.आर. पालीवाल ने बताया कि 29 अक्टूबर को होने वाले परिचय सम्मेलन की तैयारियों को लेकर समितियों का गठन किया। व्यवस्थापिका प्रेेमलता पालीवाल ने बताया कि बैठक में पुष्पा शर्मा, पन्नालाल शर्मा, दिनेश पालीवाल, अमर शंकर पालीवाल, मोहन बागोरा, रमेश पालीवाल, सुरेश व्यास, अंजना पालीवाल मौजूद थे।
चिकित्सा शिविर आज
उदयपुर. राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के तहत शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र आयड़ की ओर से बुधवार को जैन मन्दिर दिशा पब्लिक स्कूल आयड़ के सामने चिकित्सा शिविर लगेगा। शुगर, हिमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर के रोगियों व गर्भवती महिलाओं को उपचार एवं परामर्श दिया जाएगा। शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक रहेगा।
Published on:
25 Oct 2017, 11:30 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.