
15 अगस्त से दिन में दो फेरे करेगी बड़ीसादड़ी-उदयपुर ट्रेन
बड़ीसादड़ी-मावली नए ट्रैक का लोकार्पण रविवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया। बड़ीसादड़ी से उदयपुर की पहली ट्रेन को झंडी दिखाने के साथ ही फेरे बढ़ाने की घोषणा की गई। समारोह में रीवा-उदयपुर वीकली स्पेशल और सिउड़ी-सियालदह ट्रेन भी की भी शुरुआत की गई। रेलमंत्री ने बड़ीसादड़ी-उदयपुर ट्रेन के दिन में 2 फेरों की मांग पर 15 अगस्त से प्रतिदिन 2 फेरे करने की घोषणा की। समारोह में रेल मंत्री ने दो और ट्रेनों के लिए झंडी दिखाई। इस दौरान संबंधित स्टेशनों पर भी जनप्रतिनिधियों और आमजन की मौजूदगी रही। चित्तौडग़ढ़ सांसद सीपी जोशी ने कहा कि बड़ीसादड़ी-नीमच रेल लाइन तीन साल संघर्ष के बाद मिली है। अगर इसका कार्य एक साल में हो जाए तो उदयपुर का सीधा जुड़ाव नीमच के रास्ते मुम्बई से होगा।
इनकी रही मौजूदगी
बड़ीसादड़ी स्टेशन पर समारोह में विधानसभा नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, चित्तौडग़ढ़ सांसद जोशी, पूर्व सांसद श्रीचंद कृपलानी, बड़ीसादड़ी विधायक ललित कुमार ओस्तवाल, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा बतौर अतिथि मौजूद थे। इधर, रीवा स्टेशन और सिउड़ी स्टेशन पर संबंधित सांसद-विधायकों की मौजूदगी रही।
स्टेशन पुर्नविकास का काम इसी माह
रेलमंत्री ने कहा कि देश में स्वदेशी तकनीक से बनी वन्दे भारत जापान की बुलेट ट्रेन से भी बेहतरीन है। कहा कि आगामी 50 साल की योजना के साथ उदयपुर सिटी रेलवे स्टेशन को वल्र्ड क्लास बनाने के टेण्डर हो चुके हैं। अगस्त में ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। चित्तौडग़ढ़ स्टेशन को भी वल्र्ड क्लास बनाने की घोषणा की।
नारी शक्ति को दिया मान
समारोह में तीनों नई ट्रेनों की शुरुआत के लिए रेल मंत्री वैष्णव ने समारोह में बैठी महिलाओं को मंच पर बुलाया। महिलाओं को रिमोट सौंपकर ट्रेनों की शुरुआत करवाई। इसके बाद भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष वीणा दशोरा, आभा महात्मा के साथ महिलाओं ने रिमोट बटन दन्कर ट्रेनों की शुरुआत की।
Updated on:
1 Aug 2022, 1:37 AM IST
Published on:
1 Aug 2022, 1:37 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.