25 अक्टूबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

गुरुजी के तबादलों का तड़का, सरकारी स्कूलों में आया उबाल

जिले के रुंडेड़ा, करावली और सारंगपुर गांवों में प्रदर्शन, स्कूलों पर तालाबंदी
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

उदयपुर

•

image

pankaj vaishnav

•

Updated: 2 Oct 2019, 2:35 AM IST

Dispute transfer order

गुरुजी के तबादलों का तड़का, सरकारी स्कूलों में आया उबाल,गुरुजी के तबादलों का तड़का, सरकारी स्कूलों में आया उबाल,गुरुजी के तबादलों का तड़का, सरकारी स्कूलों में आया उबाल

उदयपुर . राज्य सरकार ने राजधानी जयपुर में तबादलों का सिलसिला क्या शुरू किया, गांव तक के स्कूलों में असर दिखने लगा है। तबादले सही या नहीं तय हो ना हो, लेकिन असर सरकारी तंत्र पर दिखने लगा है। जिले के तीन स्कूलों में नतीजा तालाबंदी के रूप में देखने को मिला।
रुंडेड़ा में तालाबंदी
खरसाण/मेनार . वल्लभनगर तहसील के रूंडेडा गांव में स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य का स्थानांतरण होने पर मंगलवार को आक्रोशित विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने स्कूल पर तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन किया। कल हुए शिक्षा विभाग मे तबादलो में रूंडेडा विद्यालय के प्रधानाचार्य झालमसिंह सांरगदेवोत का स्थानांतरण मेनार उच्च माध्यमिक विद्यालय में हो गया था। जिस पर मंगलवार को विद्यार्थियों, ग्रामीणों ने टायर जलाकर प्रदर्शन किया। गांव में विरोध जुलूस निकाला गया। ग्रामीणों ने बताया कि शिक्षा विभाग ने उन प्रधानाचार्य का स्थानांतरण कर दिया, जिन्होंने विद्यालय विकास में भरपूर योगदान दिया। यह ग्रामीणों को मंजूर नहीं। सीबीइओ भींडर को स्थानांतरण निरस्त करने के लिए रिपोर्ट दी है।
ग्रामीणों, विद्यार्थियों ने मांग की है कि प्रधानाचार्य सारंगदेवोत का स्थानांतरण निरस्त कर पुन: रूंडेड़ा विद्यालय में लगाया जाए। मैंने संयुक्त निदेशक उदयपुर संभाग को लिखकर भेज दिया है। ग्रामीणों से समझाइश की है। कल से विद्यालय विधिवत सुचारू शुरू हो जाएगा।
महेन्द्र कुमार जैन , सीबीईओ, भींडर
सीबीईओ भींडर से वस्तु स्थिति की जानकारी मांगी है। जिससे हम निदेशालय स्तर पर इसकी प्रस्तुति भेज सकें। जानकारी आते ही हम निदेशालय भेज देंगे। जैसे ही निदेशालय बीकानेर से निर्देश प्राप्त होंगे, कार्रवाई की जाएगी।
शिवजी गौड़, संयुक्त निदेशक, उदयपुर
करावली में भी हंगामा
गींगला . करावली स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य का स्थानातंरण आदेश पर मंगलवार को विद्यार्थियों ने मुख्य गेट पर ताला लगाते हुए प्रदर्शन किया। समझाईश के बाद शांत हुए, लेकिन कहने लगे की आदेश निरस्त नहीं हुआ तो फिर से आंदोलन किया जाएगा। राउमावि करावली के प्रधानाचार्य डॉ. विजय चैधरी का हाल ही में तबादला करावली से प्रतापगढ़ जिले में होने की खबर जब विद्यार्थियों को मिली तो सुबह प्रार्थना सभा के दौरान ही सभी विद्यार्थी एकत्रित होकर मुख्य दरवाजे के यहां पहुंचे और तालाबंदी करते हुए धरने पर बैठ गए। नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन करने लगे। विद्यार्थियों का कहना था कि आदेश निरस्त करो नहीं तो आंदेालन जारी रहेगा। यह खबर सुन ग्रामीण भी पहुंच गए और धरने में शामिल हो गए। तबादला आदेश निरस्त करवाने की मांग करने लगे। इस बीच वहां पहुंच स्वयं प्रधानाचार्य डॉ. चौधरी ने बच्चों व अभिभावकों को समझाइश की। प्रधानाचार्य डॉ. चौधरी 5 अक्टूबर 2016 में करावली स्कूल में पदस्थापित हुए। उसके बाद इस स्कूल में भामाशाहों के सहयोग से कई नवाचार करवाएं, जिससे यह स्कूल प्राईवेट स्कूल को भी मात देने लगी। इसी का परिणाम रहा कि इस बार 10 वीं व 12 वीं का शत प्रतिशत परीक्षा परिणाम व 10 प्रतिशत नामाकंन वृद्धि हुई। ग्रामीणों ने कहा कि इनके बदोलत ही स्कूल की कायापलट होने लगी लेकिन बेवजह हटाने पर रोष जताया है।
सारंगपुरा में भी हंगामा, ग्रामीण भी पहुंचे
कानोड़ . सारंगपुरा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के छात्रों ने प्रधानाध्यापक अशोक शर्मा के स्थानान्तरण के विरोध में मंगलवार को विद्यालय पर ताला जड़ दिया। तीन घंटे तक प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे सीबीईओ महेन्द्र बड़ाला व एसीबीओ भैरूलाल सालवी ने ग्रामीणों से समझाईश की। आक्रोशित महिलाएं विद्यालय के मुख्य दरवाजे पर जाकर खड़ी हो गई। स्थानान्तरण को निरस्त करने की मांग की। सरपंच उदयलाल जाट की समझाईश पर ग्रामीणों ने ताला खोला। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा की। ग्रामीणों की मांग को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने व तीन दिन में शिक्षक को लगाने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों का कहना था कि प्रधानाध्यापक के जाने से विद्यालय की व्यवस्था चरमरा जाएगी, जिससे छात्रों की पढाई बाधित होगी। ग्रामीणों ने विद्यालय का परिक्षा परिणाम भी बेहतर रहने की बात कही। ग्रामीणों व छात्रों से अधिकारियों की समझाईश के बाद शांत हुए।
समय से पहले कर दी छुट्टी
कार्यवाहक प्रधानाचार्य चन्द्रेश दक और अधिकारियों के विद्यालय से जाने के बाद छुट्टी कर देने पर ग्रामीण फिर आक्रोशित होकर विद्यालय पहुंचे। लापरवाह प्रधानाचार्य के खिलाफ विरोध प्रकट करते हुए, विद्यालय समय से पूर्व छुट्टी करने का कारण पत्र पर लिखवाते हुए विभाग अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। जिसके बाद विभाग ने लापरवाह कार्यवाहक प्रधानाचार्य चन्द्रेश दक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। शिक्षक पर छात्रों के प्रदर्शन के समय भी विभाग अधिकारी ने सब उसी का करा धराया मानते हुए जमकर लताड़ा था। एक ओर छात्र व ग्रामीण प्रधानाध्यापक को पुन: लगाने की मांग कर प्रदर्शन कर रहे थे, विभागीय अधिकारी भी ग्रामीणों से समझाईश का प्रयास कर रहे थे। अधिकारी ने कार्यवाहक प्रधानाचार्य दक को फटकारा और शिक्षकों को स्कूल में रहने के निर्देश दिए।
प्रदर्शन की तथ्यात्मक रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है। हम मौके पर पहुंचे ग्रामीणों व छात्रों से समझाईश कर ताला खुलवाया। जिसके बाद कार्यवाहक प्रधानाध्यापक दक की ओर से विद्यालय समय से पूर्व छुट्टी करने की ग्रामीणों की शिकायत पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
भैरूलाल सालवी, एसीबीईओ, ब्लॉक कार्यालय भीण्डर