
पत्रिका रक्षकों की राखी अभियान : जन की भेजी राखियां बांधी जवानों की कलाइयों पर
राजस्थान पत्रिका के अभियान रक्षकों की राखी के तहत शनिवार को कविता स्थित सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के कैम्पस में रक्षकों को छात्राओं ने रक्षा सूत्र बांधे। आजादी के अमृत महोत्सव के इस अवसर पर बड़ी संख्या में रक्षकों को रक्षा सूत्र बांधते हुए उनका मुंह मीठा कराया।
देश के रक्षकों की कलाई पर इन बहनों ने रक्षा की डोर बांधी। इन फौजी भाइयों की कलाई में राखी बांधने का उत्साह और उल्लास छात्राओं में था। एक-एक कर फौजी भाइयों ने भी छोटी बहनों से रक्षा सूत्र बंधवाते हुए जय हिंद के उद्घोष से खुशी जाहिर की।
बीएसएफ की इस 162वीं वाहिनी सीमा सुरक्षा बल कैम्पस में हुए कार्यक्रम में बीएसएफ के डिप्टी कमांडेन्ट रवीन्द्र कुमार शर्मा व योगेंद सिंह ने जवानों को संबोधित करते हुए छात्राओं का स्वागत किया। इस दौरान समाज कल्याण विभाग के राजकीय एससी छात्रावास की अधीक्षक स्नेहा चौधरी के नेतृत्व में आई छात्रा सांवर राजपूत, आंचल पंड्या, हर्षा सोनी, ममता मीणा, जिनल मेघवाल, मीरा तेली, सविता मीणा, तनुजा चौधरी आदि ने रक्षा सूत्र बांधे।
पत्रिका की ओर से पिछले सप्ताह से चल रहे रक्षकों की राखी अभियान के तहत बड़ी संख्या में शहर से रक्षा सूत्र पत्रिका कार्यालय पहुंचाए गए। बहनों के अलावा कई संस्थाओं, संगठनों व समाजों ने रक्षा सूत्र एकत्रित किए। इसमें कई ने तो स्वयं ने ये रक्षा सूत्र तैयार किए। इन रक्षा सूत्रों को रक्षाबंधन के दिन पुलिस लाइन में पुलिस के अधिकारियों व जवानों को बांधे गए। एकत्रित रक्षा सूत्र अन्य स्थानों पर भी जवानों को बांधने के लिए भेजे गए।
Updated on:
14 Aug 2022, 1:37 AM IST
Published on:
14 Aug 2022, 1:35 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.