
सलूंबर: कमला के हटते ही चिंता बढ़ी, पर मिल ही गया कमल...
कन्हैयालाल सोनी/सलूंबर. सलूंबर नगर पालिका की अध्यक्ष कमला गांधी को हटाने के साथ ही यह तस्वीर सामने आ रही थी कि अमृत लाल मीणा का टिकट भी काटा जाएगा। कमला के साथ-साथ अमृत को निशाने पर लिया गया था और सारी कोशिशें भाजपा में चली। दावेदारों ने रणकपुर में दावा किया। विरोध और माहौल के बीच लगा था कि सलूंबर में भी टिकट कटेगा। अमृत और उनके समर्थक भी चिंतित थे। गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया की चली और उसका फायदा अमृत को भी मिला। उनका नाम घोषित किया गया। सलूंबर में भाजपा में गुटबाजी पिछले दिनों ही सबने देखी थी। भाजपा फिलहाल तो एका बताते हुए मैदान में है। विधायक जहां केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाएं और काम गिनाते हुए अपने कोटे से कार्यों की सूची जनता के बीच लेकर जा रहे हैं वहीं कांग्रेस भी पूरी तैयारी के साथ मैदान में है। सलूंबर के बड़े मुद्दों में सबसे ऊपर सलूंबर को जिला बनाना है, जिसे कांग्रेस हो या भाजपा का विधायक कोई अभी तक पूरा नहीं कर पाया। अब ये मुद्दा इस चुनाव में फिर चर्चा में रहेगा। अमृत नामांकन की तैयारी में लग गए है। अच्छा समय देखकर पर्चा भरेंगे।
टिकट मिलते ही दौड़ी खुशी
अमृत लाल मीणा टिकट को लेकर बहुत चिंतित थे लेकिन जैसे ही उनका नाम बोला गया तो वैसे ही उनका परिवार खुश हो गया। उनके समर्थकों ने रातोंरात ही जश्न मनाया। फोन पर फोन चले बधाईयों के दौर के बीच अमृत ने सबका आभार जताया और कहा कि अब समय पूरा बूथ व क्षेत्र में दिया जाए।
Published on:
13 Nov 2018, 6:54 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.