धीरेन्द्र कुमार जोशी/ उदयपुर . बार एसोसिएशन उदयपुर द्वारा 69वा गणतंत्र दिवस न्यायालय परिसर में मनाया गया। हमेशा न्यायालयी कार्यो में व्यस्त रहने वाले अधिवक्ता आज अलग ही रंग में नजर आए। आयोजन के तहत किसी ने देशभक्ति पर आधारित कवितायें प्रस्तुत की तो किसी ने गीत , ग़ज़ल। गणतंत्र दिवस के मौके पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अधिवक्ताओं ने मौजूदा हालात के अनुसार रानी पद्मिनी के सम्मान में भी कविताये पढ़ी। आयोजन के दौरान बार एसोसिएशन द्वारा 13 – 14 जनवरी को आयोजित खेल प्रतियोगिता में शतरंज, कैरम, बैडमिंटन, शूटिंग, दौड़, चेयर रेस आदि खेलो की प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामकृपा शर्मा द्वारा ध्वजारोहण से हुआ। इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता शांतिलाल पामेचा, रमेश नंदवाना, रोशनलाल जैन, राव रतन सिंह सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे। गणतंत्र दिवस के आयोजन के बाद फील्ड क्लब मैदान पर बार एसोसिएशन उदयपुर ओर न्यायिक अधिकारीगण – 11 के बीच मैत्री मैच का भी आयोजन हुआ।