उदयपुर. उदयपुर चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री का 54वां स्थापना दिवस समारोह मंगलवार को मनाया जाएगा। इस मौके पर प्रदेश स्तरीय 12 उद्योगपतियों को मंच से सम्मानित किया जाएगा। यूसीसीआई अध्यक्ष हंसराज चौधरी ने बताया कि सुबह 10 बजे यूसीसीआई भवन के पीपी सिंघल ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में यूसीसीआई एक्सीलेंस अवार्ड वितरित होंगे। बतौर अतिथि अपोला हॉस्पिटल्स एंटरप्राइजेज लिमिटेड के एक्सीक्यूटीव वाइस चेयरपर्सन शोभना कामीनैनी व जेके टायर एंड इंडस्ट्रीज सीएमडी रघुपति सिंघानिया व पीआई इंडस्ट्रीज अध्यक्ष एमेरिट्स सलिल सिंघल कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
यूसीसीआई एक्सीलेन्स अवार्ड सब कमेटी की चेयरपर्सन नन्दिता सिंघल ने जानकारी देते हुए बताया कि यूसीसीआई के इस वर्ष के भव्य स्थापना दिवस समारोह का मुख्य आकर्षणसभी स्तरों पर महिलाओं की भागीदारी के माध्यम से व्यवसाय को सशक्त बनाना विषयक पैनल डिस्कशन रहेगा।
ज्यादातर व्यावसायिक घराने पारिवारिक स्वामित्व के दायरे से बाहर निकल रहे हैं। एक परिवार के स्वामित्व वाले व्यवसाय को पेशेवर संरचना की ओर ले जाने से पहल, कॉर्पोरेट संस्कृति को अपनाने तथा निदेशक मंडल सहित एक विविध टीम को स्वीकार करने में प्राय: कई साल लग सकते हैं। इस प्रकार से व्यावसायिक विकास का पथ कठिनाइयों और चुनौतियों से भरा हुआ है।
इनको किया आमंत्रित
परिचर्चा में मेवाड पॉलीटेक्स लिमिटेड के प्रबन्ध निदेशक बीएच बापना, अद्वैय साल्यूशंस सीइओ रुचिका गोधा, क्लासिक ग्रुप पार्टनर हीना खतूरिया, फ्यूजन बिजनेस सॉल्यूशंस फाउण्डर मधुकर दुबे, सिक्योर मीटर्स निर्देशिकानन्दिता सिंघल एवं अन्य हिस्सा लेंगी।