
उदयपुर . पीएम मोदी की यात्रा के चलते टाले गए संभाग के विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव के लिए सोमवार सुबह 8 बजे मतदान शुरू हुआ। कॉमर्स, साइंस, आर्ट्स और विधि महाविद्यालय में चालू हुआ मतदान दोपहर 1 बजे तक चलेगा। अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई से रौनक गर्ग और एबीवीपी के भवानीशंकर बोरीवाल के बीच हो रही कड़ी टक्कर के बाद सभी की नजरें परिणाम पर टिकी हुई है।
कॉलेजों में मतदान को लेकर भारी उत्साह बना हुआ है वहीं, भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच चल रहे मतदान में छात्रों का जमावड़ा लगा हुआ है। हांलाकि बेरिकेटिंग के पास हुड़दंग करने वालो को पुलिस को खदेड़ना पड़ रहा है लेकिन बावजूद इसके उम्मीदवार अपने समर्थकों के साथ मतदाताओं से अपने समर्थन में मत देने की अपील कर रहे है।
गौरतलब है कि संभाग में होने वाले छात्रसंघ चुनाव को लेकर संबंधित प्रशासन रविवार ने छुट्टी के बावजूद दिनभर तैयारियों को अन्तिम रूप देने में जुटाया था
वहीं संगठन, प्रत्याशी एवं उनके समर्थक देर रात तक मतदाता विद्यार्थियों का समर्थन एवं मत पाने के लिए मशक्कत करते रहे। शहर की कई वाटिकाओं एवं होटलों में उन्हें रिझाने के लिए पार्टियों का दौर चला था। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में एबीवीपी से पूजा जाट व एनएसयूआई से मणिराम चौधरी के बीच मुकाबला होगा।
एक तरफा रहा प्रवेश
मतदान के लिए महाविद्यालयों में एकतरफा प्रवेश की व्यवस्था की गई। इसके लिए प्रवेश द्वार पर बेरिकेडिंग की गई है। छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग प्रवेश की व्यवस्था दिखाई दी।। कॉलेज मैन गेट पर अधिकारी आईडी काड्र्स की जांच करते मिले। आईडी कार्ड नहीं होने पर प्रवेश नहीं दिया गया। इसके बाद मतदान से पूर्व तीन जगहों पर आईडी कार्ड चेक किए जा रहे है।
मतदान केन्द्रों के अन्दर व बाहर परिसर में कैमरा से निगरानी भी रखी जा रही है। हर मतदान केन्द्र पर सुरक्षा के लिए पर्याप्त जाप्ता तैनात है। मतदान व मतगणना के समय एजेन्ट मौजूद रहेंगे। एफएमएस संकाय में वोटों की गिनती की जाएगी। इसके लिए वहां लाइटिंग, बेरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। लाउड स्पीकर भी लगाए गए हैं।
मुकाबले की यह है तस्वीर
उपाध्यक्ष : त्रिकोणीय मुकाबला
दिनेश डांगी एबीवीपी
राजेन्द्र सालवी एनएसयूआई
हंसा रेगर निर्दलीय
महासचिव : चतुष्कोणीय
निर्मल सिंह राव एबीवीपी
शिवनारायण जाट एनएसयूआई
आशुतोष शर्मा निर्दलीय
हिमांशु जैन निर्दलीय
संयुक्त सचिव : त्रिकोणीय
पुष्कर मेघवाल एबीवीपी
भारती कंवर एनएसयूआई
निशांत पहाड़ निर्दलीय
कॉलेजों में यह स्थिति
कला महाविद्यालय : त्रिकोणीय मुकाबला
अध्यक्ष पद के लिए मनीष पुरी गोस्वामी, महेश रोत व ललित डांगी में मुकाबला होगा। अन्य तीन पदों पर सीधी टक्कर।
वाणिज्य महाविद्यालय : सीधा मुकाबला।
अध्यक्ष पद के लिए लवपाल सिंह चौहान व हिमांशु पंवार में सीधी टक्कर। अन्य तीन पदों पर आमने-सामने का मुकाबला।
विज्ञान महाविद्यालय : त्रिकोणीय मुकाबला।
अध्यक्ष पद के लिए कार्तिक सिंह यादव, विनय सालवी व शुभम कलाल दावेदार। अन्य तीन पदों पर सीधी टक्कर।
विधि महाविद्यालय : सीधा मुकाबला।
अध्यक्ष पद के लिए नवीन मेनारिया व ललितसिंह सिसोदिया के अलावा गणेश रोत व योगेश जोशी भी चुनाव मैदान में। उपाध्यक्ष के लिए चार, महासचिव पर तीन व संयुक्त सचिव पर दो उम्मीदवार।
Published on:
04 Sept 2017 10:07 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
