
युवक की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार
उदयपुर. शहर के अम्बामाता थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात युवक की हत्या हो गई। पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों ने सिर पर पत्थर मारकर युवक की हत्या कर दी थी। मंगलवार सुबह मामला सामने आने पर पुलिस ने आरोपी दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि चंपा कॉलोनी निवासी बबलू उर्फ बंशी(27) पुत्र लाला गमेती की हत्या हुई। आरोपी युवक की हत्या कर फरार हो गए थे। मंगलवार दोपहर तक पुलिस ने आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने बाघपुरा निवासी नितेश उर्फ नीतू भैरुलाल गमेती और चंपा कॉलोनी निवासी किशन पुत्र मांगीलाल गमेती को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी क्षेत्र से भागकर परिचितों के यहां छिप गए थे। आरोपी नितेश को सविना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
एक साल पुराना झगड़ा
पुलिस ने बताया कि मृतक बंशीलाल और आरोपी नितेश के बीच एक साल पहले किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था, वहीं चार दिन पहले दूसरे आरोपी किशन से भी किसी बात का झगड़ा हो गया। सोमवार रात बंशीलाल क्षेत्र में ही था कि दोनों आरोपी साथ मिल गए। इस पर किशन ने धक्का देकर बंशीलाल को गिराया और नितेश ने भारी पत्थर सिर पर मार दिया। इससे बंशीलाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
Updated on:
26 May 2021, 1:39 AM IST
Published on:
26 May 2021, 1:39 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.