
उम्मीदों की गणित का खुद का 'सपना, अब लोगों को बनाने में जुटे 'अपना
उदयपुर/ कानोड़. udaipur Political news नगर पालिका चुनाव में भाग्य आजमा रहे प्रत्याशी 'उम्मीदों की गणितÓ के हिसाब से खुद की जीत के सपने भुनाने लगे हैं। राजनीतिक धुरंधरों को गुरु मानकर उनके कहे अनुसार वह आम मतदाताओं को मनाने में भी सक्रिय हो गए हैं। बहुत लंबे समय से मनमुटाव में उलझे रिश्ते भी बोलचाल का हिस्सा हो गए हैं। कानोड़ नगर पालिका के प्रस्तावित चुनाव को लेकर रिश्तों के तंग बाजार में प्रत्याशी उनके अपनों को तलाशते दिखाई दिए। कहीं लोगों से शीश झुकाकर सहयोग मांगा तो कहीं छोटों को गले लगाते हुए सहयोग की अपील दोहराई। दूसरी ओर त्रिकोणीय मुकाबले का केंद्र बने पालिका चुनाव को लेकर कांग्रेस, भाजपा और जनता सेना के धुरंधरों के बीच अपील सहित अगली रणनीति को लेकर खासा मंथन चला। कुल मिलाकर कानोड़ की गलियों में पूरे दिन राजनीतिक गतिविधियों का बाजार गरम रहा।
दूसरी ओर तय अंतिम दिन मंगलवार को प्राप्त हुए आवेदनों को लेकर एक दिन बाद यहां समीक्षा की गई। उपखण्ड अधिकारी शैलेश सुराणा, तहसीलदार रामसिंह राव सहित शिक्षा विभाग के अधिकारियों की ओर से नामांकन को लेकर समीक्षा की गई। नामांकन की समीक्षा में पार्टी चुनाव चिन्ह से नामांकन दाखिल करने वाले प्रत्याशियों को पार्टी चिन्ह नहीं मिलने पर नामांकन खारिज किए गए । इसमें भाजपा के वार्ड संख्या आठ से आशुतोष व्यास, पवन व्यास, वार्ड 14 से कांग्रेस के गोपाल सोनी, वार्ड 15 से खेमराज, वार्ड 17 कांग्रेस से मोहम्मद अमजद व मांगीलाल रेगर, वार्ड 18 कांग्रेस से रायना बानू, वार्ड 20 से भाजपा से चन्द्रशेखर श्रीमाली के नामांकन खारिज किए। बाकी सभी प्रत्याशियों के नामांकन सही पाए गए।
अध्यक्ष की दौड़ में आगे
प्रत्याशियों के भरे गए नामांकन के साथ ही स्पष्ट हुए नामों को लेकर पालिकाध्यक्ष के चेहरे पर भी लोगों में चर्चाएं आम हो रही है। अच्छे व्यक्तित्व और राजनीतिक अनुभव को लेकर जनता सेना, भाजपा और कांग्रेस के चेहरों पर लोग दांव खेल रहे हैं। चर्चाओं के हिसाब से भाजपा के तीन, जनता सेना के तीन और कांग्रेस के दो चेहरों पर ज्यादा जोर बना हुआ है। जनजाति महिला चेयरमैन के तौर पर भाजपा के केसर मीणा, दुर्गा मीणा और गुड्डी मीणा, जनता सेना से प्रतापी मीणा, बसंती बाई मीणा, हीरा कुमारी मीणा के साथ कांग्रेस की चंदा देवी मीणा व अणसी मीणा के नाम आगे हैं।
निर्दलीय बिगाड़ेंगे गणित
चुनाव को लेकर त्रिकोणीय मुकाबले के बीच सभी राजनीतिक संगठनों में फिलहाल उत्साह बना हुआ है। दूसरी ओर वार्ड 5, 14, 16 एवं 17 में निर्दलीयों चेहरों से कुछ समीकरण अभी से गड़बड़ाते दिख रहे हैं। हालांकि, अभी कुछ कहना जल्दबाजी भी होगी। कुछ संगठनों की ओर से निर्दलीयों को मनाने के भी प्रयास किए जा रहे हैं। नामांकन वापसी के साथ निर्दलीयों की तस्वीर साफ हो जाएगी।
पढ़ाई के साथ राजनीति
एसटी महिला चेयरमैन सीट को लेकर ही राजनीतिक संगठनों ने अध्ययनरत छात्राओं को भी चुनावी मैदान में किस्मत आजमाने के लिए उतारने का मौका नहीं खोया। लोगो की नजरें भी पढ़ी-लिखी महिला पर बनी हुई है। इधर, गठबंधन के साथ पालिका बोर्ड बनाने की चर्चाओं का भी बाजार गरम है। udaipur political news देखना यह है कि कौन सा संगठन किस भूमिका में दूसरे को समर्थन देगा या चुनावी गणित में समीकरण किस तरह के होंगे।
Published on:
06 Nov 2019 11:40 pm
