5 मार्च 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान का ‘उदयपुर मॉडल’ अब इन 5 शहरों की बदलेगा तस्वीर, CM भजनलाल शर्मा की बड़ी घोषणा के बाद बजट भी जारी

उदयपुर स्मार्ट सिटी मॉडल अब प्रदेश के पांच शहरों के विकास की राह तय करेगा। बजट 2025-26 में नाथद्वारा (30 करोड़), माउंटआबू (30 करोड़), जैसलमेर (60 करोड़), भीलवाड़ा (90 करोड़) और बालोतरा (60 करोड़) के स्वच्छ, हरित और आधुनिक विकास की जिम्मेदारी सौंपी गई।

2 min read
Google source verification
Udaipur Smart City Model to Transform 5 Rajasthan Cities Budget Allocated CM Bhajanlal Sharma Announcement

उदयपुर स्मार्ट सिटी संवारेगी राजस्थान के 5 खास शहर (पत्रिका क्रिएटिव तस्वीर)

उदयपुर: राजस्थान की पर्यटन राजधानी उदयपुर का स्मार्ट सिटी मॉडल अब प्रदेश के अन्य शहरों के विकास की राह तय करेगा। मुख्यमंत्री बजट घोषणा 2025-26 के तहत राज्य सरकार ने उदयपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड को नाथद्वारा, माउंटआबू, जैसलमेर, भीलवाड़ा और बालोतरा जिले के स्वच्छ और हरित विकास की जिम्मेदारी सौंपी है।

राजस्थान शहरी पेयजल सीवरेज एवं अवसंरचना निगम लिमिटेड ने उदयपुर स्मार्ट सिटी को इन परियोजनाओं के लिए परियोजना प्रबंधन सलाहकार नियुक्त किया है। उदयपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड इन शहरों के लिए विकास योजनाओं की रूपरेखा तैयार करेगी, तकनीकी मार्गदर्शन देगी और परियोजनाओं की मॉनिटरिंग भी करेगी।

इनमें स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने, हरित क्षेत्र बढ़ाने और आधुनिक शहरी अवसंरचना विकसित करने पर विशेष जोर रहेगा। प्रदेश स्तर पर शहरों के इस विकास मॉडल में जयपुर को छह शहर, कोटा को तीन और अजमेर को दो शहरों की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि उदयपुर स्मार्ट सिटी को पांच शहरों का दायित्व सौंपा है। इनमें दो प्रमुख पर्यटन शहर शामिल होने के कारण उदयपुर की भूमिका और भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

हर शहर की पहचान के अनुसार तैयार होंगे विकास मॉडल पांचों शहरों की पहचान और जरूरतों के अनुसार अलग-अलग विकास मॉडल तैयार किए जाएंगे।

  • जैसलमेर और माउंटआबू राजस्थान के प्रमुख पर्यटन शहर हैं। इसलिए इन्हें पर्यटन सुविधाओं, पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास के दृष्टिकोण से विकसित किया जाएगा। उदयपुर स्वयं एक पर्यटन नगरी है, ऐसे में यहां के अनुभव का उपयोग इन शहरों के विकास में किया जाएगा।
  • नाथद्वारा धार्मिक आस्था का बड़ा केंद्र है और श्रीनाथजी मंदिर के कारण यहां देशभर से विशेष रूप से गुजरात से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। ऐसे में धार्मिक पर्यटन और तीर्थ यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए यहां विशेष योजनाएं तैयार की जाएंगी।
  • भीलवाड़ा और बालोतरा औद्योगिक दृष्टि से महत्वपूर्ण शहर हैं। इन शहरों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि औद्योगिक विकास के साथ-साथ शहरों की हरित और स्वच्छ पहचान भी मजबूत हो सके।
  • उदयपुर स्मार्ट सिटी इन परियोजनाओं को लेकर संबंधित जिलों के प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है। संबंधित जिलों के कलेक्टर अपने-अपने शहरों की आवश्यकताओं और संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए योजनाएं तैयार कर रहे हैं। इन योजनाओं के आधार पर तय किया जाएगा कि किस परियोजना पर कितना बजट खर्च किया जाएगा।

इतनी राशि होगी खर्च

  • नाथद्वारा के लिए 30 करोड़
  • माउंटआबू के लिए 30 करोड़
  • जैसलमेर के लिए 60 करोड़
  • भीलवाड़ा के लिए 90 करोड़
  • बालोतरा के लिए 60 करोड़