
जंगल में लकडिय़ा काट भर रहे थे ट्रक में, टीम ने दबोचा
गींगला (उदयपुर). कुराबड़ क्षेत्रीय वन विभाग की टीम ने मंगलवार रात क्षेत्र में नीम की गीली लकडि़यां ले जाते दो वाहनों को जब्त किया। साथ दोनों वाहनों के चालकों को गिरफ्तार कर लिया। कुराबड़ क्षेत्रीय वन अधिकारी विजेन्द्र सिंह सिसोदिया ने बताया कि मुखबीर के जरिए मिली सूचना के आधार पर बम्बोरा के निकट सगतडी गांव में नीम, पंचमेल की गीली लकडियों को एक हाईड्रो क्रेन मशीन से एक ट्रक में भर रहे थे। तभी वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो मजदूर भाग निकले। टीम ने चालक आसपुर निवासी राजू मीणा व सलूम्बर निवासी पृथ्वीराज मीणा को गिरफ्तार कर मौके से लकडिय़ों से भरे ट्रक व हाइड्रो मशीन को जब्त कर कुराबड़ कार्यालय लाए। टीम ने वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई करने में क्षेत्रीय वन अधिकारी कुराबड़ विजेन्द्र सिंह सिसोदिया, वनपाल राहुल सालवी, सहायक वनपाल भंवर लाल अहीर, जयसिंह चुण्डावत, केटल गार्ड बाबरू मीणा शामिल रहे।
कार की टक्कर से पिता की मौत, पुत्र घायल
सराडा. सराड़ा थाना क्षेत्र के हिमातो की भागल के पास सेमारी सराडा रोड पर रात्रि को कार की टक्कर से बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई वहीं दूसरा घायल हो गया। सराडा पुलिस के अनुसार लक्ष्मण मीणा उम्र 50 वर्ष अपने पुत्र धुलेश्वर के साथ सगतपुर अपने गांव से सराडा की ओर जा रहा था, उसी दौरान हिमातो की भागल के पास सामने से आ रही कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे पिता पुत्र दोनों घायल हो गए। घायलावस्था में दोनों को सराडा सीएचसी पर लाया गया, जहां उपचार के दौरान लक्ष्मण मीणा ने दम तोड़ दिया और घायल धुलेश्वर मीणा का प्राथमिक उपचार किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Updated on:
6 Jan 2022, 1:37 AM IST
Published on:
6 Jan 2022, 1:37 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.