11 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

उज्जैन में होगा सड़कों का चौड़ीकरण, बनेंगे ‘नए पुल’ और ‘घाट’, 17 प्रस्तावों को मंजूरी

Simhastha 2028: मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि इंदौर और उज्जैन क्षेत्र में होटल निर्माण से संबंधित बिल्डिंग परमिशन के आवेदनों का जल्द निराकरण किया जाए।

2 min read
Google source verification
Simhastha 2028: सीएम मोहन यादव ने नए प्रस्तावों को मंजूरी दी (Photo Source: Dr Mohan Yadav X हैंडल)

Simhastha 2028: सीएम मोहन यादव ने नए प्रस्तावों को मंजूरी दी (Photo Source: Dr Mohan Yadav X हैंडल)

Simhasth 2028 Development Works: सिंहस्थ मंत्री मंडलीय समिति ने सिंहस्थ आयोजन को लेकर 491.66 करोड़ रुपए के 17 विकास कार्यों को हरी झंडी दी है। इनमें 30 करोड़ की लागत से शनि मंदिर से प्रशांति धाम चौराहे तक पुल व एप्रोच रोड निर्माण सहित उज्जैन जिले के 155.93 करोड़ रुपए के नौ कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को भोपाल में सिंहस्थ मंत्री मंडलीय समिति की छठी बैठक हुई।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सिंहस्थ 2028 के भव्य और दिव्य के लिए बेहतर रोड नेटवर्क, इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण, शिप्रा घाटों के निर्माण, पुण्य स्नान के लिए जल की पर्याप्त उपलब्धता तथा श्रद्धालुओं के ठहरने और आवागमन की सुगम व्यवस्था तय समय-सीमा में पूरी की जाए। उन्होंने भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा के लिए अत्याधुनिक तकनीक के उपयोग तथा आपदा प्रबंधन और चिकित्सा सुविधाओं के लिए माइक्रो प्लानिंग करने के भी निर्देश दिए। बैठक में समिति ने 491.66 करोड़ रुपए के 17 नए विकास कार्यों को मंजूरी दी। बैठक में उज्जैन से मेला अधिकारी आशीष सिंह, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह व अन्य अधिकारी शामिल हुए।

अभी 16 हजार 910 करोड़ के काम जारी

सिंहस्थ तैयारियों के अंतर्गत वर्तमान में उज्जैन सहित आसपास के सात जिलों में 16 हजार 910 करोड़ रुपए से अधिक के 148 विकास एवं निर्माण कार्य प्रचलन में हैं। मुख्यमंत्री ने बैठक में इन कार्यों की समीक्षा कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

शिप्रा नदी के दोनों ओर 29 किलोमीटर लंबे नए घाटों का निर्माण हो रहा है। मुख्यमंत्री ने घाटों तक आने-जाने के मार्गों और पार्किंग व्यवस्था का निर्माण भी साथ-साथ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घाटों के पास स्थित आश्रमों और गुरुकुलों को घाटों के प्रबंधन से जोड़ा जाए। इससे आश्रमों और गुरुकुलों को सहयोग मिलेगा तथा सिंहस्थ के बाद भी घाटों का दीर्घकालिक उपयोग हो सकेगा।

होटलों की क्षमता की जानकारी होगी संग्रहित

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि इंदौर और उज्जैन क्षेत्र में होटल निर्माण से संबंधित बिल्डिंग परमिशन के आवेदनों का जल्द निराकरण किया जाए। ये सभी संसाधन सिंहस्थ में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उपयोगी होंगे। साथ ही उज्जैन, इंदौर और देवास क्षेत्र के सभी होटल, लॉज, धर्मशाला और होम स्टे की आवास क्षमता तथा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी एकत्र की जाए।

उज्जैन के इन कार्यों को मिली स्वीकृति

  1. शनि मंदिर से प्रशांति धाम चौराहा मार्ग तक पुल और एप्रोच रोड: 30 करोड़ रुपए।
  2. तपोभूमि से पिपलियाराघो पंचक्रोशी मार्ग पर कान्ह नदी पर समानांतर नया पुल 12 करोड़ रुपए।
  3. तपोभूमि से गंगेड़ी होते हुए राघोपिपल्या तक 5.5 किलोमीटर लंबी टू-लेन नई सड़क: 30 करोड़ रुपए।
  4. देवास रोड से लालपुर होते हुए गरोठ मार्ग तक ढाई किलोमीटर लंबे पंचक्रोशी मार्ग का फोरलेन निर्माण 18 करोड़ रुपए।
  5. उज्जैन में देवास रोड पर रेस्ट हाउसः 2.36 करोड़ रु.।
  6. देवास रोड स्थित पीडब्ल्यूडी सर्किट हाउस का विस्तार एवं नवीनीकरण।
  7. लेकोड़ा से टनकारिया रेलवे स्टेशन रोड तक 2.50 किलोमीटर लंबी सड़क - 13.28 करोड़ रुपए।
  8. महाकाल थाना से चौबीस खंबा मार्ग तक 180 मीटर लंबी नई सड़क 4 करोड़ रुपए।
  9. कुशाभाऊ ठाकरे मार्ग से छोटी रपट तक सड़क चौड़ीकरण 36.75 करोड़ रुपए