टॉवर से कोठी तक पैदल गए कांग्रेसी
जिले में किसानों को फसल बीमा की राशि नहीं मिलने, नाममात्र बीमा राशि मिलने या बाले-बाले प्रीमियम में कटोत्रे की समस्या को लेकर सुबह 11 बजे कांग्रेसी टॉवर पर जमा हुए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष कमल पटेल के नेतृत्व में कांग्रेसी टॉवर से कोठी तक पैदल रैली निकाल पहुंचे और बारिश के बीच सड़क पर धरना शुरू कर दिया। किसानों की समस्या को लेकर कांग्रेसी कलेक्टर या कमिश्नर को ज्ञापन देना चाहते थे, लेकिन अन्यत्र होने के कारण दोनों ही अधिकारी उपलब्ध नहीं हो सके। ज्ञापन लेने के लिए तहसीलदार और फिर एसडीएम आए, लेकिन वरिष्ठ अधिकारियों से मिलने पर अड़े कांग्रेसियों ने उन्हें ज्ञापन देने से इंकार कर लौटा दिया। बारिश के बीच ही करीब तीन घंटे तक कांग्रेसी व किसान सड़क पर जमे रहे। पानी के पाउच और नाश्ता भी धरना स्थल पर ही मंगवाया गया। धरने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कोठी के सामने ही धरने को संबोधित कर भाजपा व प्रदेश सरकार पर जमकर आरोप लगाए। प्रदर्शन में कल्पना परुलेकर, चेतन यादव, रवि भदौरिया, उमेशसिंह सेंगर, अजीतसिंह ठाकुर, भुरु गौड़, धर्मेंद्र ठाकुर, अंजु जाटवा मौजूद थे।