
आइसोलेशन में भर्ती डॉक्टर दंपत्ति की स्थिति सामान्य, साथी 8 चिकित्सकों को निगरानी में रखा, थाइलेंड से आने के बाद दोस्तों के साथ पार्टी की बात से भी इंकार, अभी नहीं हुई है कोरोना की पुष्टि
उज्जैन. थाइलेंड घूमकर लौटे डॉक्टर नवदंपत्ति को मंगलवार को भी माधवनगर के आइसोलेशन वार्ड में जांच के लिए रखा गया है। अभी उनके स्वाब व खून की जांच रिपोर्ट नहीं आई है वहीं दोनों की स्वास्थ्य हालात सामान्य बताई जा रही है। विदेश से लौटने के बाद दंपत्ति जिन साथी 8 डॉक्टर के संपर्क में रहे उन सभी को तीन दिन के लिए होम व होस्टल आइसोलेट कर निगरानी में रखा गया है। इस दौरान वे काम नहीं करेंगे। इधर डॉक्टर दंपत्ति द्वारा लौटने के बाद पार्टी देने की बात को भी गलत बताया जा रहा है।
संदिग्ध मरीज डॉक्टर दंपत्ति को लेकर मंगलवार को पूरे दिन शहर ही नहीं इंदौर व आसपास तक चर्चा रही। सोशल मीडिया पर अपुष्ट जानकारियां फैलने से कई लोगों की चिंता बढ़ गई। चर्चा यह भी रही कि डॉक्टर दंपत्ति ने शहर लौटने के बाद पार्टी दी थी जिसमें सौ से अधिक डॉक्टर व अन्य लोग शामिल हुए थे और अब सभ्ीा सभी लोगों की स्क्रीनिंग की जाएगी। सीएमएचओ डॉ. अनुसुइया गवली ने स्पष्ट किया है कि डॉक्टर दंपत्ति फिलहाल आब्जर्वेशन में है और उनकी स्थिति सामान्य है। जांच रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है, एेसे में कोरोना होने की कोई पुष्टी नहीं की गई है। सीएमएचओ के अनुसार ७ मार्च को डॉक्टर दंपत्ति विदेश से लौटे थे। इसके बाद 8 साथी ड्यूटी डॉक्टर उनके संपर्क में अधिक रहे। एहतियातन साथी 8 डॉक्टरों का भी परिक्षण किया गया है। फिलहाल सभी साथी डॉक्टरों की स्थिति सामान्य पाई गई है। 6 डॉक्टर को उनके घर पर ही आइसोलेशन किया गया है व दो को उनके होस्टल रूम में। तीन दिन तक के लिए उन्हें अवकाश दिया गया है। स्वास्थ्य टीम संबंधित सभी लोगों पर नजर रखे हुए हैं। सीएमएचओ ने यह भी बताया कि डॉक्टर दंपत्ति ने विदेश से लौटकर पार्टी देने की बात से इंकार किया है। संभावना है कि बुधवार-गुरुवार को जांच रिपोर्ट प्राप्त हो जाएगी जिसके बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
भ्रामक खबर पोस्ट करने पर होगी कार्रवाई
डॉक्टर दंपत्ति को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी पोस्ट होने से पूरे दिन उज्जैन सहित आसपास के शहरों में हड़कंप मचा रहा। स्थिति यह रही कि इंदौर, भोपाल से भी अधिकारियों के पास कई फोन पहुंचे वहीं शहरवासी भी पुष्टी करने में लगे रहे। बाद में स्वास्थ्य विभाग ने स्थिति स्पष्ट की वहीं कलेक्टर ने कोरोना के संबंध में अपुष्ट जानकारी पोस्ट करने पर प्रतिबंध लगा दिया। मिश्र ने कहा, कोरोना वायरस से संबंधित सोशल मीडिया पर कोई भी अपुष्ट खबर न चलाई जाए। इस तरह की किसी भी जानकारी देने के लिए कलेक्टर द्वारा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को अधिकृत किया गया है। अधिकृत बयान केवल मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी की ओर से जारी किया जाएगा। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर कोरोना वायरस से सम्बंधित किसी भी तरह की अफवाह फैलाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर चलने वाली भ्रामक खबरों की मानिटरिंग की जा रही है। उन्होंने आमजन से भी अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान ना दें और कोरोना वायरस से बचने के लिए सावधानी बरतें।
सार्वजनिक समारोहों का आयोजन प्रतिबंधित
एडीएम आरपी तिवारी ने धारा 144 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी कर दिए हैं। इसके अनुसार ऐसी सभी सभाएं एवं आयोजन जहां पर 20 या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने की संभावना है, उन्हें प्रतिबंधित कर दिया गया है। जिले में सभी विद्यालय, महाविद्यालय, सिनेमा हॉल, मैरेज हॉल, सार्वजनिक लायब्रेरी, वॉटरपार्क, जिम और स्विमिंग पूल्स का संचालन प्रतिबंधित कर दिया है। जिले में सभी आंगनवाडिय़ों का संचालन व कर्मचारियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति ली जाना प्रतिबंधित कर दिया गया है। इसके अलावा विभिन्न प्रशिक्षणए जनसुनवाई तथा सार्वजनिक समारोहों का आयोजन भी प्रतिबंधित कर दिया है।
अटल खेल मेला व निगम सम्मेलन 31 तक टला
कोरोना वायरस की रोकथाम को लेकर महापौर मीना जोनवाल, निगमायुक्त रिषी गर्ग व सीएमएचओ डॉ. अनुसुरइया गवली ने अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। निगम ने स्वास्थ्य विभाग को जरूरी सभी सुविधा देने का कहा। निगम द्वारा 8-10 अन टच थर्मामिटर लेकर सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की जांच में स्वास्थ्य विभाग का सहयोग किया जाएगा। इसके साथ ही 31 मार्च तक अलट खेल मेला, नगर निगम सम्मेलन व कम्युनिटी हॉल बुकिंग निरस्त कर दी गई है। बैठक में बताया गया कि 20 से अधिक लोगों को रेन बसेरों में ठहरने नहीं दिया जाएगा। य्खांसी-जुकाम वाले व्यक्ति को भी यहां न ठहराते हुए अस्पताल पहुंचाया जाएगा। सार्वजनिक शौचालयों आदि में हाथ धोने के लिए डेटोल या साबुन अनिवार्यत: रखवाए जाएं। कोरोना से बचाव के उपायों का अधिकाधिक प्रचार प्रसार निगम द्वारा कराया जाए। इस तारतम्य में निगम द्वारा विभिन्न स्थानों पर फ्लेक्स लगवाए गए हैं वप माईक द्वारा शहर में प्रचार कराया जा रहा है। यही प्रचार नगर निगम के कचरा कलेक्शन वाहनों के माध्यम से भी कराया जाएगा। निगम द्वारा संचालित आनंद धाम 31 मार्च तक बन्द रहेंगे। निगम के सभी कम्युनिटी हालों के लिए 31 मार्च तक की अब कोई नई बुकिंग नहीं की जाएगी। चकौर पार्क में चूंकि अवकाश के दिन अधिक भीड़ होती है इसलिए 31 मार्च तक के समस्त शासकीय अवकाशों में चकौर पार्क बंद रहेगा।
Published on:
17 Mar 2020 10:01 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
