9 जून 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘पुष्पा’ स्टाइल में महाकाल दर्शन करने पहुंचा शख्स, वीडियो वायरल होने के बाद प्रबंधन ने लिया एक्शन

Pushpa Style : महाकाल मंदिर में 'पुष्पा' स्टाइल में पहुंचा शख्स, आम भक्तों के साथ सुरक्षाकर्मियों में भी सेल्फी लेने की मची होड़। वीडियो वायरल होने के बाद प्रबंधन ने एक्शन लेते हुए सुपरवाइजर को सस्पेंड कर दिया।

2 min read
Google source verification
Pushpa Style

महाकाल के दर पर 'पुष्पा-2' स्टाइल में पहुंचा भक्त (Photo Source- Viral Video Screenshot)

Mahakal Temple :मध्य प्रदेश के उज्जैन में स्थित विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग बाबा महाकालेश्वर के मंदिर में नियमों और सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाने का एक अजीबो गरीब मामला सामने आया है। यहां एक युवक सुपरहिट फिल्म 'पुष्पा-2' में अभिनेता अल्लू अर्जुन द्वारा रचित साड़ी और मेकअप वाले गेटअप में बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंचा। इस अनोखे पहनावे वाले युवक को देखकर जहां आम श्रद्धालु हैरान थे, वहीं मंदिर की सुरक्षा में तैनात गार्ड और कर्मचारी नियमों को भूलकर उसके साथ सेल्फी और वीडियो बनवाने में मशगूल हो गए। हालांकि, मामला तूल पकड़ने और वीडियो वायरल होने के बाद पुष्पा प्रबंधन ने सख्त कार्रवाई करते हुए सुपरवाइजर को हटा दिया है।

पैरों में पायल और नाक में नथनी पहनकर किए दर्शन

वायरल वीडियो और जानकारी के मुताबिक, युवक हूबहू फिल्म 'पुष्पा' के गेटअप में था। उसने साड़ी-ब्लाउज पहन रखा था, पैरों में पायल, गले में नींबू की माला और हार, कानों में टॉप्स, नाक में नथनी और हाथों में चूड़ियां पहन रखी थीं। इस अजीबोगरीब वेशभूषा के बावजूद उसे रोकने के बजाय मंदिर के कर्मचारियों ने उसे विशेष प्रोटोकॉल दिया।

आम श्रद्धालुओं को कतार, 'पुष्पा' को मिली वीआइपी एंट्री

हैरानी की बात यह रही कि जहां आम श्रद्धालुओं को बाबा के दर्शन के लिए घंटों कतार में लगना पड़ता है, वहीं इस युवक को सामान्य लाइन से हटाकर विशेष सुविधा के साथ प्रवेश दिया गया। मंदिर का ही एक कर्मचारी उसे वीआईपी श्रद्धालु की तरह गाइड करते हुए सीधे गणेश मंडपम तक दर्शन कराने ले गया। इस दौरान युवक ने मंदिर परिसर के भीतर अलग-अलग हिस्सों में घूम-घूमकर कई वीडियो और रील्स भी बनाईं।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

पुष्पा के गेटअप में आए युवक अंकित अस्टोलिया ने सोशल मीडिया पर महाकाल मंदिर में बनाया गया उक्त वीडियो पोस्ट कर दिया। देखते ही देखते 56 हजार व्यूज आ गए।

प्रतिबंध के बाद भी नियम की उड़ाई धज्जियां

आपको बता दें, कि महाकाल मंदिर परिसर के भीतर मोबाइल ले जाने, फोटोग्राफी करने और वीडियो बनाने पर पूरी तरह प्रतिबंध है। इस नियम का पालन कराने की जिम्मेदारी जिन सुरक्षाकर्मियों और समिति के कर्मचारियों पर है, वे खुद ही युवक के साथ फोटो खिंचवाते और वीडियो बनाते नजर आए।

प्रशासक ने की बड़ी कार्रवाई

सुरक्षा व्यवस्था में लगी इस बड़ी चूक और वीआइपी ट्रीटमेंट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही मंदिर प्रशासन में हड़कंप मच गया। मंदिर में वीआइपी दर्शन और नियमों के उल्लंघन को लेकर खड़े हुए विवाद के बाद, महाकाल मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक ने तुरंत एक्शन लेते हुए संबंधित क्षेत्र के सुपरवाइजर को पद से हटा दिया है। इसके साथ ही मामले की जांच के आदेश भी दिए गए हैं।