उज्जैन. उज्जैन में मोहर्रम के दिन हुई देश विरोधी नारेबाजी की घटना का शहर के एक युवक ने करारा जवाब दिया है। युवक ने उसी जगह पर जाकर तिरंगा लहराते हुए भारत माता की जय और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए। युवक का तिरंगा लहराते वीडियो भी कुछ लोगों ने बनाया है जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। देश विरोधियों को करारा जबाव देने वाले युवक का नाम अनिल धर्मे है जो कि अकेले ही इमारबाड़े पर पहुंचे थे और वहां पर तिरंगा लहराया। अनिल ने देश विरोधी नारेबाजी करने वाले युवकों पर कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग भी की है।