7 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार युवकों को रौंदा, दो की मौत

एक बाइक पर सवार होकर चार युवक शादी समारोह में जा रहे थे।  

2 min read
Google source verification
Truck crushed bike rider

बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार युवकों को रौंदा, दो की मौत

उन्नाव. जिले के बांगरमऊ कस्बे में गुरुवार को लखनऊ चौराहे के पास तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक पर सवार चार लोगों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक भागने के चक्कर में दो बाइक सवारों को रौंदता हुआ निकल गया, जब कि टक्कर लगने से कुछ दूर जाकर कर गिरे दो लोग घायल हो गए। सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बांगरमऊ सीएचसी में भर्ती कराया। घटना की जानकारी परिजनों को दी गई वे तत्काल सीएचसी पहुंचे वहां पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। चारो युवक बाइक पर सवार होकर मांगलिक कार्यक्रम में जा रहे थे कि इसी दौरान बेकाबू ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।
जिले के सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के माथर मजरा गदनाखेड़ा गांव निवासी प्यारेलाल के बेटे की बारात बुधवार रात क्षेत्र के गांव गंजमुरादाबाद निवासी रामऔतार के यहां गई थी। देर शाम कार्यक्रम के बाद अधिकतर बाराती रात को ही वापस चले गए। गुरुवार अल सुबह दोबारा बारात में शामिल होने के लिए मनोज, मोहित, दीपक व कुलदीप निवासी गदनाखेड़ा बाइक से गंजमुरादाबाद जा रहे थे। इसी दौरान बांगरमऊ कस्बा के लखनऊ मार्ग चौराहे पर पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मनोज व रोहित उछल कर सड़क पर गिर गए। इस दौरान भागने के चक्कर में ट्रक उन दोनों को रौंदता हुआ निकल गया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दीपक और कुलदीप दूर जाकर गिरने से गंभीर घायल हो गए। घायलों को बांगरमऊ सीएचसी में भर्ती कराया गया है वहीं दोनों शवों को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक मनोज की शादी लगभग चार साल पहले हुई थी, उसकी दो बेटियां जयंती तीन व नैंसी सात माह की हैं।

...और फरार होने में सफल रहा ट्रक चालक
घटना को अंजाम देने के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार होने में सफल रहा। जब तक लोग कुछ समझ पाते तक चालक ट्रक लेकर वहां से गायब हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक पर गैस सिलेंडर लदे हुए थे। कुछ लोगों ने ट्रक का नंबर नोट कर लिया है।