
बरसाना में लठमार होली की धूम, प्रशासन ने कसी कमर
Holi 2025 Mathura Vrindavan Holi: बरसाना की विश्व प्रसिद्ध लठामार होली की तैयारियां जोरों पर हैं। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सुरक्षा को लेकर व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। इस बार अनुमान है कि करीब 20 लाख श्रद्धालु मेले में भाग लेंगे, इसलिए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा पुख्ता कर दी है।
एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय के निर्देश पर पुलिस प्रशासन ने होली के दौरान महिलाओं से अभद्रता करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। जिन जगहों पर पहले असामाजिक तत्वों द्वारा ऐसी घटनाएं हुई थीं, उन प्वाइंट्स को विशेष निगरानी में रखा जा रहा है। सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगी। इस बार स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि किसी ने भी महिला श्रद्धालुओं से बदसलूकी की, तो उसे जेल भेजा जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने मेला क्षेत्र का ब्लूप्रिंट तैयार किया है, जिसके तहत पुलिसकर्मियों की तैनाती और ड्यूटी प्वाइंट तय किए जा रहे हैं। इस बार असामाजिक तत्वों की सूची पहले ही तैयार कर ली गई है, जिससे शांति व्यवस्था को सुनिश्चित किया जा सके।
गन्ना विकास और चीनी मिल मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने मेला क्षेत्र की सफाई और सजावट के निर्देश दिए हैं। जिला पंचायत राज विभाग को रोस्टर बनाकर सफाई की जिम्मेदारी दी गई है। मेला क्षेत्र को श्री राधा-कृष्ण की लीलाओं से सजाया जाएगा, साथ ही लाइटिंग, प्रवेश द्वार और सजावट को भव्य बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि राधारानी मंदिर में श्रद्धालुओं का प्रवेश सीढ़ियों के रास्ते से कराया जाएगा और जयपुर मंदिर मार्ग से निकासी की जाएगी। साथ ही, मंदिर परिसर में भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र ने लोक निर्माण विभाग (PWD) को निर्देश दिया है कि रंगीली गली में जर्जर मकानों और गिरासू छज्जों को तुरंत हटाया जाए। नगर पंचायत बरसाना की ईओ को ऐसे मकानों को ध्वस्त करने के लिए नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया है।
परिषद के सीईओ एसबी सिंह ने जिले के सभी मंदिरों में होने वाले होली उत्सव की जानकारी दी।
इन दोनों आयोजनों की तैयारियों को पुख्ता किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के उत्सव का आनंद ले सकें।
बरसाना की ऐतिहासिक लठामार होली को सुरक्षित और भव्य बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इस बार महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई और धार्मिक आयोजन की भव्यता इस बार की होली को खास बनाएगी।
Updated on:
24 Feb 2025 12:47 pm
Published on:
24 Feb 2025 12:47 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
