
वाराणसी. शहर की खस्ताहाल व्यवस्था अब सीएम योगी पर भारी पडऩे लग गयी है। गुरुवार को बीजेपी से जुड़े हुए व्यापारी संगठनों ने सीएम योगी आदित्यनाथ को विरोध किया है।काली पट्टी बांध कर अपना विरोध जताया है। व्यापारियों ने साफ कह दिया है कि यदि सड़कों को गड्ढ़ा व अतिक्रमण से मुक्त, पार्किंग स्थल बनाने, आवारा पशुओं को हटाने आदि की मांग नहीं मानी गयी तो हम पीएम मोदी के आगमन के दौरान बनारस बंद भी कर सकते हैं।
यह भी पढ़े:-लाइन हाजिर किये गये मिर्जामुराद थाना प्रभारी, आखिर कौन है पशु तस्कर मुजफ्फर, चांद व गुड्डू
व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा ने कहा कि हम लोग खुद बीजेपी से जुड़े हुए हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ बनारस का विकास करना चाहते हैं लेकिन यहां पर विकास दिख नहीं रहा है। शहर की सड़कों पर अतिक्रमण के चलते चलना मुश्किल हो गया है। सड़कों को आज तक गड्ढा मुक्त नहीं किया जा सका है। आवारा पशु के चलते आये दिन लोगों को दुर्घटना का शिकार होना पड़ता है इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होती है। पीएम मोदी व सीएम योगी जब आते हैं तो सड़क ठीक कर दी जाती है इसके बाद सड़कों का क्या हाल हो जाता है यह कोई देखने वाला नहीं होता है। पीएम व सीएम के आगमन के दौरान मनमाने ढंग से आवागमन रोक दिया जाता है जिसके चलते व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ता है। शहर की कानून व्यवस्था भी अच्छी नहीं है। अजीत सिंह बग्गा ने कहा कि शहर में पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं की गयी है। मनमाने ढंग से सड़क पर पार्किंग की जाती है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो पीएम मोदी के आगमन के समय बनारस बंद भी किया जा सकता है। बताते चले कि सीएम योगी बनारस आये हैं। लोकसभा चुनाव 2019 को देखते हुए सीएम के इस दौरे को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अखिलेश यादव, राहुल गांधी व मायावती के महागठबंधन से मुकाबला करने के लिए बीजेपी अपने वोट बैंक को सहेजने में जुटी हुई है लेकिन बीजेपी से जुड़े व्यापारियों ने जिस तरह से अपना विरोध दर्ज कराया है वह बीजेपी के लिए खतरे की घंटी बजने से कम नहीं है।
यह भी पढ़े:-लोकसभा चुनाव को लेकर इस दल ने घोषित किया प्रत्याशी, इन्हें मिला टिकट