वाराणसी. भारतीय जनता पार्टी ने अभी से ही अपने मिशन 2019 के लिये कवायद शुरू कर दिया है। सपा बसपा के आगामी संभावित गठबंधन की काट खोजने की कोशिश हो या फिर पिछले अपने वोटरों को फिर से गोलबंद करने की, बीजेपी अब हर स्तर पर लोकसभा चुनाव के लिये जुट गयी है। पूर्वांचल बीजेपी के लिये काफी महत्वपूर्ण है। वह किसी कीमत पर पूर्वांचल में 2014 की जीत दोहराना चाहती है। इसके लिये लोकसभा की छह सीटों को लेकर गुरुवार को बैठक होने वाली है। इस बैठक में खुद मुख्यमंत्री हिस्सा ले रहे हैं। उनके अलावा बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेन्द्र पाण्डेय व चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर, मछलीशहर और सुल्तानपुर के सांसद भी हिस्सा ले रहे हैं। इसके अलावा इस क्षेत्र के पदाधिकारी व एमएलसी भी इस बैठक में शामिल होंगे।