पुलिस की प्रारंभिक जांच में ठेकेदार अवधेश श्रीवास्तव के सुसाइड करने की ही बात सामने आ रही है। ठेकेदार ने कमीशनखोरी से परेशान होकर व बकाया का भुगतान नहीं होने पर चीफ इंजीनियर अंबिका सिंह के कक्ष में लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मार कर जान दी थी। सीएम योगी आदित्यनाथ सरकार ने भ्रष्टाचार के अपने तरह के अलग मामले की जांच भी शुरू करायी है। जांच कमेटी पहले ही ठेकेदारों से भेंट कर उनकी समस्या को जान चुकी है और शुक्रवार को अपनी रिपोर्ट शासन को देंगी। घटना की गंभीरता को देखते हुए लोक निर्माण विभाग (लोनिवि)के प्रमुख सचिव नितिन रमेश गोकर्ण ने भी बीती रात को बनारस में डेरा डाल दिया है। देर रात ही प्रमुख सचिव लोनिवि ने एई आशुतोष सिंह, जेई मनोज सिंह, वरिष्ठ खंडीय लेखाधिकारी दद्दनजी प्रसाद, वरिष्ठ सहायक संप्रेक्षा लिपिक भोनूराम मौर्या व वरिष्ठ सहायक शिविर लिपिक रजत राय को सस्पेंड कर दिया है। निलंबित हुए कर्मचारी पर आरोप है कि महिला अस्पताल के जिस मैटरनिटि विंग का अवधेश श्रीवास्तव निर्माण करा रहे थे उस विंग के मद के 48 लाख 76 हजार 720 रुपये के बिल की जांच नहीं की गयी थी।
यह भी पढ़े:-जांच कमेटी को बताया कैसा होता है PWD में भ्रष्टाचार, आत्महत्या करने वाले ठेकेदार को 50 लाख मुआवजा देने की मांग