वाराणसी. भारतीय सब्जी अनुसंधान के वैज्ञानिकों ने देश में पहली बार ग्राफ्टिंग तकनीक से ऐसी पौध को विकसित किया है जिससे एक ही पौधे में अलग-अलग सब्जियां उगी हों। वाराणसी के शहंशाहपुर में भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान में वैज्ञानिकों ने एक शोध किया जिसके बाद ऐसे पौधे उगाये गए हैं, जिसमें आलू के साथ टमाटर और बैंगन का भी उत्पादन हो सकेगा। ग्राफ्टिंग विधि द्वारा आलू, बैंगन एक पौधे में और टमाटर, बैंगन एक पौधे में उगाये जा रहे हैं। यानी कि आलू के पौधे में बैंगन और बैंगन के पौधे में टमाटर उगाए जा रहे हैं। इन पौधों को पोमैटो और टोमटाटो नाम दिया गया है। पौधों पर शोध करने वाले संस्थान के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. आनंद बहादुर सिंह का कहना है कि ग्राफ्टिंग तकनीक का प्रयोग कर एक पौधे में दूसरे तरह के सब्जियों को उगाने का एक्सपेरिमेंट किया गया है।