
Pc-Patrika
Varanasi news: वाराणसी में 3 जून को जीएसटी अधिकारी के ससुराल में हुई करीब दो करोड़ की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसओजी और शिवपुर थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से चोरी किए गए हीरे, सोने व चांदी के गहने और कैश बरामद हुआ है। वहीं, पुलिस ने इस मामले में लोगों के घरों में लगे 200 सीसीटीवी कैमरे खांगले तब जाकर आरोपियों का सुराग मिला। वहीं, चोरी की इस घटना के सफल अनावरण को लेकर टीम को एक लाख रुपए से पुरस्कृत किया गया है।
मेरठ में जीएसटी कमिश्नर के पद पर तैनात अधिकारी के ससुर के बंद पड़े मकान में चोरी का खुलासा हो गया है। मूल रूप से सासाराम (बिहार) के रहने वाले विनोद कुमार का मकान शिवपुर इलाके में है। वह 1 जून को पूरे परिवार के साथ चाचा की तेरही में शामिल होने के लिए बिहार गए थे। इसी दौरान उनके घर में घुसकर विशाल, रोहित पाल, यश सिंह और चित्रांश ऊर्फ चीकू ने चोरी की घटना को अंजाम दिया।
पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने इस मामले में विशाल को शुक्रवार की सुबह मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। वहीं, उसके तीन अन्य साथी रोहित पाल, अमन सेठ और यश सिंह को शिवपुर थाना क्षेत्र के गंगोत्री इंटरमीडिएट कॉलेज के पास से गिरफ्तार किया गया है। डीसीपी वरुण प्रमोद कुमार ने बताया कि इस मामले में चित्रांश ऊर्फ चीकू फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किया जा रहे हैं।
डीसीपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी छोटी-मोटी चोरियों को अंजाम दिया करते थे, जिनमें विशाल के ऊपर 15 मुकदमा और यश सिंह के ऊपर 11 मुकदमा दर्ज है। वहीं, अमन सेठ चोरी किए गए माल को गलाने का काम करता था और बाद में उसे ये लोग आपस में बांट लिया करते थे। उन्होंने बताया कि चित्रांश ऊर्फ चीकू इस पूरे मामले का सूत्रधार था और उसने इस घटना को अंजाम देने के लिए चंदौली से चोरी की गई बाइक उपलब्ध कराया था। वहीं, चोरी के बाद आरोपियों ने बाइक को ले जाकर मिर्जापुर में छोड़ दिया।
पुलिस ने बताया है कि इस पूरे मामले में करीब 900 ग्राम सोने की बरामदगी की गई है। इसके अलावा डायमंड की कान की दो बाली, चैन, अंगूठी और 4 लाख 27 हजार रुपए नगद भी बरामद हुए हैं। पुलिस को आरोपियों के पास से 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है। डीसीपी ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने 200 सीसीटीवी कैमरों की मदद ली थी।
Updated on:
12 Jun 2026 01:36 pm
Published on:
12 Jun 2026 01:26 pm
बड़ी खबरें
View Allवाराणसी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
