
बुद्धि शुद्धि यज्ञ करते युवा कांग्रेसी
वाराणसी. माता सीता को टेस्ट ट्यूब बेबी बताने वाले सूबे के डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा अब विपक्ष के निशाने पर आ गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में पहले जहां समाजवादी पार्टी ने उस बयान पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की तो अगले दिन युवक कांग्रेस ने अस्सी घाट स्थिति राम जानकी मंदिर में बुद्धि शुद्धि यज्ञ कर डाला। इस मौके पर युवा कांग्रेसियों ने डिप्टी सीएम सहित पूरी भाजपा को जम कर कोसा। साथ ही डिप्टी सीएम की बर्खास्तगी की मांग की।
युवा कांग्रेस के जिला कोआर्डिनेटर राघवेंद्र चौबे ने कहा कि सनातन धर्म में सीता मैया का सर्वोच्च स्थान है और उन्हीं का अपमान करने लगे। ये राम का मंदिर बनाने की बात करने वाले अब हिंदू जनमानस का अपमान करने पर उतारू हो गए हैं। इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डिप्टी सीएम का बयान बेहद शर्मनाक है। इसकी जितनी निंदा की जाए कम है। उन्होंने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से दिनेश शर्मा को तत्काल पद से हटाने की मांग की।
अस्सी घाट के किनारे स्थित राम जानकी मंदिर पहुंचे युवा कांग्रेसियों के हाथों में तख्तियां थीं जिन पर बीजेपी और बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ स्लोगन लिखे थे। वो मंदिर परिसर में बैठे और भाजपा नेताओं की सद्बुद्धि के लिए यज्ञ किया। कहा कि भाजपा कौन से हिंदुत्व की राजनीति कर रही है, यह अब खुल कर सामने आ गया है। उनके बड़े नेता अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह में श्रीराम की छवि तलाशते हैं, जबकि यूपी के उप मुख्यमंत्री माता सीता को टेस्ट ट्यूब बेबी कहते हैं। कांग्रेसियों का कहना था कि इस तरह की राजनीति करके भाजपा पता नहीं क्या दर्शाना चाहती है, लेकिन हिंदुत्व के नाम पर इस तरह की राजनीति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अस्सी घाट पर आयोजित बुद्धि-शुद्धि यज्ञ में कांग्रेसियों ने हाथों में भारतीय जनता पार्टी के विरोध में लिखे नारों की तख्तियां थाम रखी थीं। इन पर 'सीता मैया के सम्मान में कांग्रेसी मैदान में' जैसे नारे लिखे हुए थे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि भारतीय जनता पार्टी के नेता लगातार हिंदुत्व के खिलाफ गलत बयानबाजी कर रहे हैं, जिससे लोगों की भावनाएं आहत हो रही हैं।
इस मौके पर रोहित दुबे, धीरज, विजय उपाध्याय, परवेज खान, रितेश चौरसिया राजीव आर्य, किशन यादव, इमरान भाई, उमा शंकर चौरसिया, अंशुमान पांडेय, किशलय सिंह, सौरभ मिश्रा आदि ने आहुति दी।
Published on:
03 Jun 2018 04:23 pm
