
Weather news : अजमेर में शुक्रवार को दिनभर धूप और शाम को छितराए बादल देर रात झूमकर बरसे। शहर में तेज गर्जना के साथ Heavy rain हुई। सड़कों, नालों में पानी उफन पड़ा। रात्रि करीब 12 बजे वैशालीनगर में चने के आकार के ओले भी गिरे हैं। माघ के बदरा रात्रि 11 बजे से बरसने शुरू हुए और रात 12 बजे बाद शहर में जमकर बारिश हुई। वैशालीनगर, पंचशील, आनासागर गौरव पथ, आदर्शनगर, जयपुर रोड, कायड़, लोहागल, गुलाबबाड़ी, रामगंज, केसरगंज, सुभाष नगर सहित कई क्षेत्रों में पानी बहता नजर आया। रात करीब 2 बजे खबर लिखे जाने तक Heavy rain का दौर रुक-रुक कर चलता रहा।
जनवरी में सावन सी बरसात
जनवरी में सावन सी बरसात हुई। सड़कों पर पानी का बहाव तेज रहा। सावित्री चौराहए बजरंगगढ़, कचहरी रोड, जेएलएन अस्पताल, रोडवेज बस स्टैंड पर सड़कों पर पानी भर गया। नाले और नालियां उफ न पड़े। 1 जनवरी से अब तक शहर में 60 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश हो गई हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश, फसलों को मिलेगा फायदा
कायड़, गगवाना, हाथीखेड़ा एवं पीसांगन क्षेत्र के गांवों में बारिश हुई है। रात्रि में हुई मावठ से रबी की फसलों को भी फायदा मिलने की संभावना है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में हुई बारिश से रबी की फसल गेहूं, चना, सरसों व रायड़ा में फायदा होने की उम्मीद है।