
कालाडेरा. रीको औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक प्लाइवुड की फैक्ट्री में रविवार को भीषण आग लग गई। आग लगते ही रीको क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आसपास की फैक्ट्रियों के मजदूर भी काम छोड़कर बाहर निकल गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जयपुर सहित आसपास के फायर स्टेशनों से दमकल मंगवाई। एक के बाद एक आधा दर्जन दमकलों पर मौजूद पचास से अधिक दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाना शुरू किया। सात घंटे बाद भी आग पर काबू पाया नहीं जा सका। समाचार लिखे जाने तक भी दमकलकर्मी जुटे रहे। बताया जा रहा है फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में तैयार व कच्चा माल था जो पूरी तरह जलकर राख हो गया।