
बलिया. यूपी के बलिया के कटरिया गांव में स्वच्छ भारत मिशन अभियान के तहत शौचालय निर्माण के लिए मिलने वाली सहायता राशि का भुगतान प्राप्त करने के लिए भटक रहे हैं। लाभार्थी को शौचालय निर्माण के लिए चेक तो मिल गया है लेकिन उसकी राशि का भुगतान आज तक नहीं हुआ। जिसे लेकर पीड़ित हर रोज बैंक और विभागों का चक्कर काट रहा है। पीड़ित ने बताया कि ग्राम प्रधान और सचिव द्वारा जारी चेक पर गलत डेट था। जो अब तक संशोधित नहीं हुआ। चेक पर 50-50-2017 लिखा था जिसे बैंक ने लेने से मना कर दिया।
बलिया जनपद के कटरिया गावं की एक महिला को भारत स्वछता अभियान के तहत शौचालय बनाने के लिए ग्राम प्रधान और सचिव द्वारा 12000 रूपये का चेक दिया गया जिसपर 50-50-2017 तारीख लिखी थी। लाभार्थी गिरिजा देवी ने जब इस चेक को बैंक में जमा किया तो बैंक ने तारीख गलत लिखा होने के कारण लौटा दिया। गिरिजा देवी के पति का कहना है कि ग्राम प्रधान और सचिव को जब इस गलती की जानकारी दी तो नया चेक जारी करने का आश्वासन तो दिया पर पांच महीने बीतने के बाद भी नया चेक जारी नहीं किया गया। कर्ज लेकर शौचालय बनाने वाले शिव जी यादव का कहना है की तारीख की गलती से उन्हें शौचालय बनाने का सरकारी धन तो नहीं मिला पर सरकारी तंत्र की खस्ताहाल व्यवस्था उन्हें तारिख पर तारीख जरूर दे रही है।
प्रधानमंत्री मोदी जहां देश को खुले में शौच से मुक्ति दिलाने के लिए भारत स्वछता अभियान और ट्रांजेक्शन को आसान बनाने के लिए डिजिटल इण्डिया जैसे कार्यक्रमों के जरिए देशवासियों को जोड़ने में लगे है वहीं बेपरवाह सरकारी तंत्र आम आदमी की मुश्किलें बढ़ाने में लगा है। इस मामले में भी जिलाधिकारी बलिया का कहना है कि मीडिया के ज़रिए उन्हें इस गलती की जानकारी हुई है और जल्द ही लाभार्थी को नया चेक दिया जाएगा।