13 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बस्सी
video: जयपुर टोल पर अलवर विधायक से मांगा आईकार्ड तो ड्राइवर ने जड़ा थप्पड़, फिर लगा मजमा
Play video

video: जयपुर टोल पर अलवर विधायक से मांगा आईकार्ड तो ड्राइवर ने जड़ा थप्पड़, फिर लगा मजमा

मनोहरपुर दौसा नेशनल हाईवे स्थित नेकावाला टोल प्लाजा का मामला
Google source verification

बस्सी

image

Vinod Sharma

Jul 17, 2022

गठवाड़ी (जयपुर)। मनोहरपुर दौसा नेशनल हाईवे स्थित नेकावाला टोल प्लाजा पर शनिवार को अलवर शहर विधायक संजय शर्मा व टोलकर्मियों में कहासुनी हो गई। विधायक की शिकायत के बाद रायसर थाना पुलिस ने तीन जनों को हिरासत में लिया है। जानकारी अनुसार अलवर शहर भाजपा विधायक संजय शर्मा शनिवार दोपहर बाद मनोहरपुर दौसा नेशनल हाईवे स्थित नेकावाला टोल प्लाजा होते हुए जयपुर जा रहे थे। इस दौरान टोलकर्मी ने विधायक के ड्राइवर से विधायक का पहचान पत्र मांग लिया। विधायक ने अपना परिचय देते हुए आई कार्ड दिखा दिया। इसके बाद विधायक के ड्राइवर ने टोल मैनेजर को बुलाने की बात कही।

फास्टैग बना रहे युवक से विधायक की कहासुनी…..
इसी बात को लेकर टोल के पास फास्टैग बना रहे युवक से विधायक की कहासुनी हो गई। हालांकि विधायक द्वारा आई कार्ड दिखाने के बाद टोलकर्मियों ने कार को निकाल दिया। इसके बाद विधायक ने टोल की लाइन में कार रोक दी व मैनेजर को बुलाने की बात कही। मामले की जानकारी के बाद टोल मैनेजर विजयदान मौके पर पहुंचे व टोलकर्मियों की गलती मानते हुए विधायक से माफी मांगी व जाने का आग्रह किया, लेकिन वे नहीं माने।

डंडा निकाल कर युवक को मारने का प्रयास…..
मामला बढ़ता देख मौके पर अन्य टोलकर्मी भी आ गए। इसी दौरान विधायक के ड्राइवर ने फास्टैग बना रहे युवक को थप्पड़ जड़ दिया व कार के अंदर से डंडा निकाल कर युवक को मारने का प्रयास किया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने बीच बचाव कर मामला शांत करवा कर विधायक को रवाना किया। इसके बाद विधायक ने मामले की शिकायत डीजी व एसपी जयपुर ग्रामीण को कर दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे रायसर थाना प्रभारी रामधन सांडीवाल ने टोल से फास्टैगकर्मी दिनेश मीणा, टोलकर्मी कालूराम, पप्पूलाल को हिरासत में लिया है।

इनका कहना है…..
टोलकर्मियों ने परिचय देने के बाद भी बदसलूकी की है। मैंने मामले की शिकायत डीजी व एसपी से की है।
—संजय शर्मा, विधायक, अलवर शहर

मामले की जानकारी के बाद विधायक से मिलकर माफी मांगी थी। विधायक के ड्राइवर ने टोल के पास फास्टैग बना रहे युवक के थप्पड़ जड़ दिया।
—विजयदान, मैनेजर, नेकावाला टोल प्लाजा

टोल पर विवाद की सूचना के बाद पुलिस मौके पर गई थी, तीन जनों को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
—रामधन सांडीवाल, थाना प्रभारी, रायसर

बड़ी खबरें

View All

बस्सी

राजस्थान न्यूज़